Sanjay Raut Cancer Treatment: शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने शनिवार को दावा किया कि उन्हें संदेह है कि जेल में बिताया समय उनके कैंसर का मूल कारण था और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन्हें यह पता लगाने के लिए विषाक्तता परीक्षण कराने का सुझाव दिया था कि कहीं उनके भोजन में जहर तो नहीं मिलाया गया था।
संजय राउत का बड़ा खुलासा
राउत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मौजूदा सरकार ''इतनी क्रूर'' है कि वह कुछ भी कर सकती है। उन्होंने दावा किया, ''राहुल गांधी को भी आशंका थी कि जेल में हम जैसे लोगों के साथ कुछ भी हो सकता है।'' राज्यसभा सदस्य राउत ने दावा किया कि जेल में बंद रहे अन्य राजनीतिक नेताओं की हालत भी खराब है। उन्होंने आरोप लगाया, ''यह बीमारी (कैंसर) जेल में शुरू हुई।''
100 दिनों से ज्यादा समय तक जेल में रहे राउत
राउत वर्ष 2022 में मुंबई की पुनर्विकास परियोजना से जुड़े पात्रा चॉल मामले में कथित संलिप्तता को लेकर 100 दिनों से अधिक समय तक जेल में रहे थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'एक ही घटना को बार-बार सुनाते थे अरुण जेटली, कभी-कभी मैं तंग हो जाता': SRCC में मजाकिया अंदाज में बोले PM मोदी
'राहुल गांधी ने दिया था टेस्ट का सुझाव'
उन्होंने कहा, ''राहुल जी ने मुझसे विषाक्तता परीक्षण कराने को कहा था, ताकि पता चल सके कि भोजन में जहर तो नहीं मिलाया गया। जेल में इस बात की आशंका रहती है कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले हम जैसे लोगों के साथ ऐसा हो सकता है।'' उन्होंने दावा किया कि अधिकारी भोजन और पानी में किसी भी तरह की ''गड़बड़ी'' कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ''गांधी ने हमें आगाह किया है कि ऐसा हो सकता है।''
सनद रहे कि संजय राउत को पिछले साल दिवाली के आसपास कैंसर के बारे में पता चला था। उन्होंने जनवरी 2026 में अपनी बीमारी के बारे में खुलासा किया था कि उन्हें पेट का कैंसर है और उन्हें 2025 में दिवाली से लगभग 2-4 दिन पहले जांच के बाद कैंसर होने का पता चला था।
