Doda Jammu Kashmir News Today: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में शनिवार दोपहर को एक युवती के चिनाब नदी में छलांग लगाने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि नदी में छलांग लगाने से पहले युवती ने अपने पिता को फोन लगाया और उनसे बातचीत की। इस घटना के तत्काल बाद जिला प्रशासन ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना प्रेम नगर के पास शिव दल पुल पर दोपहर करीब दो बजे हुई। महिला की पहचान पायल देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें कथित तौर पर पायल को नदी में छलांग लगाने से पहले अपने पिता को बाय-बाय कहते हुए सुना जा सकता है। हालांकि, युवती ने यह कदम क्यों उठाया? इसके बारे तत्काल कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।
डॉक्टर के पास गई थी बिटिया
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पायल के पिता कृष्ण लाल ने बताया कि उनकी बिटिया शनिवार को स्थानीय मेले में गई थी। बाद में उसने फोन कर बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और वह डॉक्टर के पास जा रही है। पिता कृष्ण लाल ने कहा, ''डॉक्टर के कथित तौर पर उपलब्ध न होने के बाद, वह वापस आ रही थी जब वह शायद एक मोटरसाइकिल पर बैठ गई।''
इसी दौरान, पायल के साथ मौजूद एक व्यक्ति ने कृष्ण लाल को फोन करके बताया कि वह नदीं की ओर भाग गई है। इसके बाद पिता ने अपनी बेटी से फोन पर बात की और उससे बार-बार पूछा कि आखिर क्या हुआ है और क्या किसी ने उसके साथ कुछ गलत किया है।
कृष्ण लाल के अनुसार, पायल ने जवाब दिया- ऐसा कुछ नहीं हुआ है, पापा। यह मेरी अपनी जिंदगी है। मेरा दिल कहता है कि मुझे इसी रास्ते जाना चाहिए। इसके बाद उसने अपने पिता से 'बाय-बाय, पापा' कहा और फोन कट गया।
इस घटना की सूचना मिलने के तत्काल बाद जिला प्रशासन ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। नदीं और आसपास के इलाके में युवती की तलाश की जा रही है। हालांकि, घटना के पीछे की वजहों का अभी पता नहीं चला है। फिलहाल, जांच जारी है।
