शहर

सीतामढ़ी में पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हुआ कैदी, 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

बिहार के सीतामढ़ी सदर अस्पताल से इलाज के दौरान एक बंदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। वह 24 जून को पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद कैदी वार्ड में भर्ती था। घटना के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Image

सीतामढ़ी सदर अस्पताल से बंदी फरार, तलाश जारी

Photo : Times Now Digital

बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां सदर अस्पताल से इलाज के दौरान एक बंदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कैदी की सुरक्षा के लिए चार पुलिसकर्मी अस्पताल में तैनात थे, लेकिन इसके बावजूद वह कैदी वार्ड से भागने में कामयाब हो गया। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

एनकाउंटर के बाद अस्पताल में था भर्ती

फरार बंदी की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र के रहने वाले अमृत साह के पुत्र फेकन कुमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ लूट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 24 जून को पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था।

पुलिस को निगरानी से बचकर कैदी फरार

न्यायिक हिरासत के तहत सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में उसका इलाज जारी था। उसकी निगरानी के लिए चार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी। मंगलवार को इलाज के दौरान फेकन कुमार पुलिस की निगरानी से बचकर अस्पताल से फरार हो गया। कैदी के फरार होने की खबर मिलते ही नगर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे अस्पताल परिसर की तलाशी शुरू की गई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास की लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कैदी किस रास्ते से फरार हुआ है और इस साजिश में उसके कौन-कौन से मददगार शामिल थे। फरार आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है।

चार पुलिसकर्मी निलंबित

घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए सीतामढ़ी के एसपी अमित रंजन ने बंदी की सुरक्षा में तैनात चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है और फरार आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article