Indore News: इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र की 60 फीट रोड पर सोमवार रात एक भयावह घटना सामने आई। पहले से युवती को परेशान करने के मामले में पुलिस की चेतावनी झेल चुके युवक वेदांत सोलंकी अचानक विधि लखावत के घर पहुंचा और अंदर घुसकर चाकू से हमला कर दिया। हमले में विधि, उनकी मां अनीता और भाई विधान गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने आए भाई विधान की स्थिति गंभीर थी, उसे इलाज के लिए अरबिंदो अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने भी खुद को पेट में चाकू मार लिया। सूचना पाकर एरोड्रम थाना के टीआई तरुण भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
घटना की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी वेदांत सोलंकी को समझाकर काबू में लिया और देर रात उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, आरोपी बिजासन रोड का निवासी है और उसके माता-पिता नहीं हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना से लगभग 5–6 दिन पहले युवती के परिवार ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने का रुख किया था। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
लिव-इन रिलेशनशिप का मामला
कालानी नगर क्षेत्र की मौसा जलेबी वाली गली में एक चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें मुख्य आरोपी वही वेदांत सोलंकी है। आरोपी का विधि लूनावत नामक युवती के साथ लगभग एक साल से लिव-इन रिलेशनशिप चल रहा था। जब युवती के परिजनों ने इस संबंध को जारी रखने से मना किया और साथ रहने पर आपत्ति जताई, तो आरोपी गुस्से में चाकू लेकर उनके घर पहुंच गया।
दो लोग गंभीर रूप से घायल
बताया जा रहा है कि, घर पहुंचने पर दोनों पक्षो के बीच कहासुनी हुई, जिसमें वेदांत ने पहले युवती के भाई, विधान लूनावत पर हमला किया और बाद में उसकी मां, अनीता लूनावत पर भी चाकू चलाया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी कई बार चाकू मार लिया और गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में विधान लूनावत की मौत हो गई, जबकि आरोपी वेदांत और अनीता लूनावत अभी अस्पताल में भर्ती हैं।
