शहर

संभल में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में 3 युवकों की मौत, दो अन्य घायल

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बहजोई थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के पास रविवार को एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। इसमें स्कूटी और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर के कारण तीन युवकों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय अधिकारी घटना की जांच में जुटे हुए हैं और घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।

Image

संभल में गंभीर सड़क दुर्घटना

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Sambhal Road Accident: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र में इस्लाम नगर रोड के पास मिर्जापुर गांव के नजदीक रविवार को एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर के कारण तीन युवकों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, स्कूटी पर तीन लोग सवार थे और मोटरसाइकिल पर दो लोग, तभी दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई।

तीन युवकों की मौत

पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि इस सड़क हादसे में सैफ (19), सत्यवीर (18) और गजेंद्र (18) की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सड़क हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे की जानकारी ली है और घायलों को तुरंत राहत और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

मामले की जांच जारी

इस हादसे में दो युवक घायल हुए हैं, जिनमें फैज (19) और आलम खान (18) शामिल हैं। उन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद आगे के इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। जब पुलिस से यह पूछा गया कि टक्कर के बाद कहीं किसी भारी वाहन ने पीड़ितों को कुचला तो नहीं, तो अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में जांच की जा रही है और यदि यह दावा सही पाया जाता है, तो सभी साक्ष्य एकत्रित किए जाएंगे।

फर्रुखाबाद में डंपर की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत

वहीं, फर्रुखाबाद के नवाबगंज इलाके में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार डंपर के सामने आने से मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर दो युवक और एक किशोर फर्रुखाबाद की ओर जा रहे थे। नवाबगंज चौराहे के पास मोहम्मदाबाद मार्ग की तरफ से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया और अनियंत्रित होकर एक कार से भी टकरा गया।

सूत्रों के अनुसार, यह हादसा इतना गंभीर था कि मोटरसाइकिल सवार तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और उनके शरीर के चीथड़े उड़ गए। मृतकों की पहचान पुष्पेंद्र (20), अर्पित यादव (18) और निशु (15) के रूप में हुई है, जो सभी एटा के निवासी थे। परिजनों ने बताया कि ये तीनों शनिवार की रात लगभग आठ बजे खेत जाने का कहकर घर से निकले थे। पुलिस ने मृतकों के अवशेष इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं, हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article