Chandigarh News: बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त और नोरा फतेही का नया गाना 'सरके चुनर तेरी सरके' भड़के बवाल के बाद अब ये कानूनी पचड़े में फंसता नजर आ रहा है। काउंसिल ऑफ लॉयर्स के चेयरमैन और समाज सेवक वासु रंजन शांडिल्य ने इस गाने के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चंडीगढ़ पुलिस और सेंसर बोर्ड से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चंडीगढ़ पुलिस से FIR की मांग
वासु रंजन शांडिल्य ने चंडीगढ़ के डीजीपी (DGP) और एसएसपी (SSP) को औपचारिक शिकायत भेजकर इस मामले में तुरंत एक्शन लेने की अपील की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गाने के बोल और दृश्य 'अश्लील, भद्दे और समाज के लिए हानिकारक' हैं। शांडिल्य के अनुसार, गाने के बोल इतने आपत्तिजनक हैं कि उन्हें सार्वजनिक रूप से दोहराया भी नहीं जा सकता।
महिलाओं की गरिमा और युवाओं पर असर
कानूनी शिकायत में तर्क दिया गया है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर अश्लीलता परोसना स्वीकार्य नहीं है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह गाना युवाओं की मानसिकता पर गलत प्रभाव डाल रहा है और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचा रहा है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 294 (अश्लील कृत्य और गाने), 296, 79 और आईटी एक्ट की धारा 67 व 67A के तहत FIR दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही, मांग की गई है कि इस गाने को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाया जाए।
सेंसर बोर्ड को 3 दिन का अल्टीमेटम
विवाद की आंच अब केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) यानी सेंसर बोर्ड तक भी पहुंच गई है। वासु शांडिल्य ने सेंसर बोर्ड को लीगल नोटिस भेजकर 3 दिनों के भीतर गाने पर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में बोर्ड ने कोई कदम नहीं उठाया, तो वे इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
