उत्तर प्रदेश के संभल जिले में 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की सरकारी जमीन के कथित अवैध हस्तांतरण मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। इस मामले में शाहजहांपुर में तैनात सहायक नगर आयुक्त राज कुमार गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी राज कुमार गुप्ता कथित अपराध के समय संभल नगर परिषद में कार्यकारी अधिकारी के पद पर तैनात थे। जांचकर्ताओं को गुप्ता के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें बुधवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
31 नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि संभल कोतवाली थाने में 31 नामजद और कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित विभिन्न धाराओं तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, यह मामला सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर संभल-मुरादाबाद मार्ग पर स्थित कीमती सरकारी भूमि का अवैध रूप से हस्तांतरण किए जाने से जुड़ा है। इससे सरकारी खजाने को 100 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- Greater Noida News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अब 16 शहरों के लिए सीधी उड़ानें, लाखों यात्रियों को बड़ी राहत
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित
पुलिस ने आरोप लगाया कि जांच के दौरान पता चला कि गुप्ता ने निजी लाभ के लिए अन्य आरोपियों के साथ मिलीभगत की और आरोपियों के पक्ष में इलाहाबाद उच्च न्यायालय में हलफनामा दाखिल कर गांव की सामुदायिक की भूमि के अवैध हस्तांतरण में मदद की। इसके परिणामस्वरूप संबंधित रिट याचिका का निस्तारण हो गया। बिश्नोई ने बताया कि मामले के बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दल गठित किए गए हैं।
(इनपुट - भाषा)
