शहर

कोर्ट ले जाते वक्त TMC के पूर्व विधायक निर्मल घोष पर फेंके गए अंडे, आरजी कर केस में मामले में सबूत मिटाने का आरोप

कोलकाता के चर्चित आरजी कर मेडिकल कॉलेज दुष्कर्म व हत्या मामले में पुलिस ने टीएमसी के पूर्व विधायक निर्मल घोष को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। उन पर पीड़िता के शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करवाकर सबूत मिटाने की साजिश का आरोप है।

Image

पुलिस के हत्थे चढ़े पूर्व विधायक निर्मल घोष

Photo : ANI

पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल दुष्कर्म और हत्या मामले में पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता मिली है। पीड़िता के शव का जबरन और आनन-फानन में अंतिम संस्कार करवाकर सबूत मिटाने के आरोपी पानीहाटी से टीएमसी के पूर्व विधायक निर्मल घोष को पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है।

निर्मल घोष की गिरफ्तारी के बाद जब खड़दह पुलिस स्टेशन से उन्हें बैरकपुर कोर्ट ले जाया जा रहा था, तब जनता का भारी गुस्सा देखने को मिला। वहां मौजूद उग्र लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की और उन पर अंडे फेंके।

परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर जल्दबाजी में शव का कराया दाह संस्कार

यह कार्रवाई पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई एक नई शिकायत (FIR) के आधार पर की गई है। शिकायत में परिजनों ने आरोप लगाया था कि घटना के ठीक बाद निर्मल घोष उन प्रमुख लोगों में शामिल थे, जिन्होंने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर जल्दबाजी में शव का दाह संस्कार करवाया, ताकि कोई दूसरा पोस्टमार्टम न हो सके और अहम सबूत नष्ट किए जा सकें।

पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मुकदमा

पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ सबूत मिटाने, आपराधिक साजिश रचने और किसी व्यक्ति को उसकी इच्छा के विरुद्ध काम करने पर मजबूर करने जैसी कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि इस परिवार की कानूनी मुश्किलें पहले से ही बढ़ी हुई हैं।

इससे पहले पूर्व विधायक के बेटे तीर्थंकर घोष को भी चुनाव बाद हुई हिंसा और लॉटरी घोटाले से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पूर्व विधायक की गिरफ्तारी से इस मामले में नए और चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article