शहर

Shamli News: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी, षड्यंत्र रचने वाला आरोपी सोनीपत से दबोचा

Ankit Balyan Murder Case: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उस पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है।

Image

अंकित बालियान मर्डर केस में एक और आरोपी गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Ankit Balyan Murder Case: उत्तर प्रदेश के शामली जिले के चर्चित हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। शामली पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनीपत के उल्देपुर ठरू निवासी रोहित उर्फ लाडला के रूप में हुई है। उस पर हत्याकांड का षड्यंत्र रचने में शामिल होने का आरोप है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

26 अगस्त को हुई थी अंकित बालियान की हत्या

पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त 2026 की शाम शामली के नाला पटरी स्थित फिटनेस जिम से निकलते समय हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान पर हमला हुआ था। चार हथियारबंद बदमाशों ने उसपर फायरिंग की थी। हमले में अंकित की मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी।

31 अगस्त को मुठभेड़ में दो आरोपी मारे गए

अंकित बालियान के पिता की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली शामली में चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की थीं। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी मोहित और सुमित घायल हुए थे। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

षड्यंत्र के आरोप में रोहित गिरफ्तार

इस मामले में आगे कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब सोनीपत निवासी रोहित उर्फ लाडला को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि रोहित अंकित बालियान हत्याकांड का षड्यंत्र रचने में शामिल था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है। शामली पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article