Ramgarh News: रामगढ़ जिले के कर्मा इलाके में शनिवार तड़के अवैध कोयला खनन के दौरान खदान का एक हिस्सा ढह गया, सीसीएल करमा प्रोजेक्ट के खुले खदान में चाल धंसने से चार लोगों की मौत हो गई। जबकि, 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी और प्रशासन को मौके पर राहत कार्य शुरू करना पड़ा।
घटना की सूचना पाकर पहुंचे लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। मलबे में दबे एक व्यक्ति को जेसीबी और शॉवेल मशीन से बाहर निकाला गया। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसमें एक का पैर बुरी तरह चोटिल हुआ है। वहीं, दूसरी गंभीर महिला की कमर टूट गई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करमा प्रोजेक्ट कार्यालय के गेट के समीप शव को रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग है कि सीसीएल द्वारा जब तक उचित मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक शव को नहीं हटाया जाएगा। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
सभी सीसीएल करमा प्रोजेक्ट में अवैध रूप से कोयला निकालने गए थे। हादसे के बाद ग्रामीणों एवं जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने सीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। इन लोगों का कहना है कि यह घटना प्रबंधन की लापरवाही की वजह से घटी है। अगर लोगों को गैरकानूनी तरीके से खुदाई का मौका नहीं मिलता तो ऐसी घटना नहीं होती।
कुजू पुलिस चौकी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि फंसे लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के समय कुछ ग्रामीण अवैध रूप से कोयले का खनन कर रहे थे।
रामगढ़ के उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने पुष्टि की कि उन्हें सुबह हादसे की जानकारी मिली और तत्काल एक प्रशासनिक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है।
