शहर

Rajgir: शादी की बात करने पर प्रेमी ने प्रेमिका को बाइक से 100 मीटर घसीटा, भीड़ ने आरोपी को दबोच कर पीटा

नालंदा के राजगीर में शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने प्रेमिका को बाइक से 100 मीटर तक घसीट दिया। जिसके बाद अमीन के पद पर तैनात आरोपी को भीड़ ने पीटा, पुलिस ने जांच शुरू की है।

Image

बीच सड़क पर घसीटी गई युवती

Photo : Times Now Digital

Rajgir: बिहार के नालंदा जिले से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। राजगीर में प्यार और शादी के वादे से मुकरने के बाद एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को बीच सड़क पर बाइक से करीब 100 मीटर तक घसीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

शादी की बात पर भड़का प्रेमी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती और आरोपी के बीच पिछले पांच सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आरोपी युवक नवादा जिले के नारदीगंज में अमीन के पद पर सरकारी सेवा में तैनात है। चार-पांच दिन पहले आरोपी जब अपनी प्रेमिका से मिलने राजगीर पहुंचा, तो युवती ने उस पर शादी करने का प्रस्ताव रखा। दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिसके बाद आरोपी अचानक बाइक स्टार्ट कर भागने लगा।

चीखती रही युवती, 100 मीटर तक भगाता रहा बाइक

जब युवती ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। युवती बाइक के पिछले हिस्से को पकड़े जमीन पर घिसटती चली गई। करीब 100 मीटर तक पीड़िता चीखती-चिल्लाती रही लेकिन वह तबतक नहीं रुका, जबतक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर नहीं गिर पड़ी। बाइक गिरते ही आसपास मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और भीड़ ने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी। पकड़े जाने के बाद शातिर प्रेमी ने खुद को बचाने के लिए युवती को अपनी पत्नी बताने लगा और इसे आपसी झगड़ा कहकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की।

पुलिस जांच जारी, मामला दर्ज

राजगीर थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि घटना प्राथमिक तौर पर शादी के विवाद से जुड़ी हुई है। पुलिस जांच में आरोपी के नारदीगंज में अमीन पद पर कार्यरत होने की पुष्टि हुई है। पीड़ित युवती ने इस पूरे मामले को लेकर नवादा जिले के नारदीगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article