शहर

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में अब होगी मानसूनी झमाझम, आज भी 25 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

राजस्थान में अब मानसून की झमाझम शुरू होने को है, मानसून MP सीमा तक पहुंच चुका है और अगले 24 घंटे में इसके राज्य में प्रवेश की संभावना है। हालांकि, आज भी 25 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट है।

Image

राजस्थान में आज से झमाझम बारिश का दौर शुरू

Rajasthan Weather Update: राजस्थान के कई इलाकों में मानसून का इंतजार खत्म हो चुका है और कुछ में आज-कल में मानसून पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार Monsoon बुधवार को मध्य प्रदेश से लगी राजस्थान की सीमा तक पहुंच चुका है और अगले 24 घंटों में इसके राज्य में प्रवेश करने की पूरी संभावना है। मानसून की दस्तक से पहले ही राजधानी जयपुर, दौसा, चित्तौड़गढ़, अलवर सहित कई जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर शुरू हो गया है। बादलों और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार 2 जुलाई के लिए राज्य के 25 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत और बंगाल की खाड़ी में मानसूनी गतिविधियां मजबूत होने के चलते मानसून की रफ्तार बढ़ गई है। इसके प्रभाव से राज्य के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। विभाग का अनुमान है कि मानसून अगले 24 घंटे में राजस्थान में औपचारिक रूप से एंटर कर जाएगा।

श्रीगंगानगर में पारा अब भी 44 पार

हालांकि, राज्य के पश्चिमी और भारत-पाकिस्तान सीमा से लगे जिलों में अब भी भीषण गर्मी बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जोधपुर और आसपास के इलाकों में भी बुधवार को तापमान 40 डिग्री के आसपास बना रहा।

जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर जलभराव

बारिश की बात की जाए तो चित्तौड़गढ़ जिले में सबसे ज्यादा वर्षा निंबाहेड़ा में 39 मिमी दर्ज की गई। बेगूं में 38 मिमी, भैंसरोडगढ़ में 37 मिमी, बस्सी में 15 मिमी और गंगरार में 9 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। अलवर में गुरुवार सुबह हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो गया, जबकि दौसा जिले के सिकराय, महवा, बांदीकुई और लालसोट क्षेत्रों में अच्छी बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर भी जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ।

कोटा के तापमान में गिरावट

राजधानी जयपुर में बुधवार दोपहर शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह तक जारी रही। यहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोटा में भी तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट दर्ज हुई और मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों में वहां भी मानसून पहुंचने की संभावना जताई है।

तीसरे हफ्ते से कमजोर पड़ेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर में मानसून इस बार सामान्य से तीन-चार दिन की देरी से पहुंचेगा, लेकिन शुरुआती सप्ताह में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। दूसरे हफ्ते में भी मानसून सक्रिय रहेगा और कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, तीसरे और चौथे सप्ताह में इसकी सक्रियता कुछ कमजोर पड़ सकती है, जिससे गर्मी और उमस फिर बढ़ने के आसार हैं। फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article