शहर

राजस्थान का मौसम (14 Mar 2026) Rajasthan Weather Today: पूरे मरुधरा में बदला मौसम, धूलभरी हवाओं के साथ आएगी बारिश; जानें आपके शहर का हाल

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 14 Mar 2026: राजस्थान की तपती मरुधरा पर बादलों की आवाजाही ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। मार्च के महीने में ही जेठ जैसी तपिश झेल रहे प्रदेशवासियों के लिए पिछले दो दिनों से आसमान से राहत की बूंदें और ठंडी हवाएं सुकून लेकर आई हैं। आइए जानते हैं राजस्थान के मौसम को लेकर क्या कहता है मौसम विभाग (IMD)।

Image

राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट

Photo : Times Now Digital

राजस्थान में आज का मौसम (14 Mar 2026): राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में पिछले 48 घंटों से बादलों के छाए रहने के कारण तापमान में गिरावट देखी गई है। विशेष रूप से शेखावाटी क्षेत्र (सीकर, झुंझुनूं और चूरू) में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे लुढ़क गया है। हनुमानगढ़ 30.2 डिग्री के साथ काफी सुहावना बना हुआ है, जबकि झुंझुनूं और सीकर में भी पारा 33 डिग्री के आसपास सिमट गया है। पिलानी और अलवर जैसे शहरों में भी तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर चुका है, जिससे लोगों को फिलहाल हीटवेव (लू) के खतरे से निजात मिल गई है।

पश्चिमी विक्षोभ का 'येलो अलर्ट'

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से 14 मार्च को प्रदेश के 5 जिलों में धूलभरी हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। असली बदलाव 15 मार्च को देखने को मिलेगा, जब जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग सहित कुल 18 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं, जो किसानों के लिए चिंता का विषय बन सकते हैं।

बाड़मेर अब भी सबसे गर्म, राजधानी में बादलों का डेरा

भले ही उत्तरी राजस्थान में ठंडक बढ़ी है, लेकिन बाड़मेर अभी भी 39.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है। जोधपुर, पाली और कोटा में भी पारा 38 डिग्री के आसपास बना हुआ है। वहीं, राजधानी जयपुर में शुक्रवार दोपहर से ही बादलों की आवाजाही जारी रही, जिससे अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री दर्ज किया गया। गुलाबी नगरी के निवासियों को भी आने वाले 24 घंटों में हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद है।

अप्रैल से पहले फिर होगी बारिश की एंट्री

मौसम विभाग की मानें तो राहत का यह सिलसिला यहीं रुकने वाला नहीं है। 19 से 21 मार्च के बीच एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। इसका मतलब है कि मार्च के तीसरे सप्ताह में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। अनुमान है कि आगामी एक सप्ताह तक राजस्थान के किसी भी हिस्से में पारा 40 डिग्री के पार नहीं जाएगा, जिससे भीषण गर्मी की शुरुआत में थोड़ी और देरी होगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article