राजस्थान में आज का मौसम (18 March 2026): जैसे-जैसे मार्च का महीना आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे गर्मी भी अपना प्रचंड रूप दिखाने लगी है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और पश्चिमी भारत में तेज धूप के चलते पिछले कुछ दिनों से लू यानी हीट वेव जैसे हालात बने हुए थे। हालांकि, दो-तीन दिन से एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है, जिसके चलते तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिली है। आसमान में बादल के कारण तेज धूप और लू से भी राहत मिली है। इस तरह से कह सकते हैं कि राजस्थान में फिलहाल गर्मी छुट्टी पर गई है। इसके अलावा आज राजस्थान के 7 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
राजस्थान में पिछले दो-तीन दिन से तापमान में गिरावट देखने को मिली है। एक के बाद एक दूसरा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने से आज यानी बुधवार 18 मार्च को राज्य के 7 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यही नहीं कल यानी गुरुवार 19 और शुक्रवार 20 मार्च को पूरे राजस्थान में आधी और बारिश का अलर्ट है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले एक हफ्ते तर राज्य में कहीं भी हीटवेव के हालात नहीं होंगे।
ओले गिरेंगे, तापमान गिराएंगे
मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 मार्च को राजस्थान के कुछ इलाकों में ओले गिरने से तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। दरअसल यह सब उत्तर-पश्चिमी भारत में एक्टिव हुए नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर है, जो राजस्थान में देखने को मिल रहा है। इसी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते उत्तर भारत के ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले पहाड़ी इलाकों में बारिश व ओलावृष्टि भी देखने को मिल रही है।
कल भी गर्मी से मिली राहत
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में कल यानी मंगलवार 17 मार्च को बादल छाए रहे। आसमान में धूप-छांव के खेल के चलते कुछ जगहों पर तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली। जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और चुरू में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया। जबकि अभी कुछ दिन पहले ही यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
यहां रहा सबसे ज्यादा तापमान
मंगलवार 17 मार्च को चित्तौड़गढ़ में सबसे ज्यादा 38 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। बाड़मेर में 36.9 और कोटा में 36.8 डिग्री सेल्सियस तक गया पारा। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 28.5 और हनुमानगढ़ में 25.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। मंगलवार को बीकानेर, बाड़मेर, जोधपुर, टोंक, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, चुरू, सीकर, कोटा, भीलवाड़ा, पाली, अजमेर, भरतपुर, दौसा और जयपुर में बादल छाए रहे।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिली है तो न्यूनतम तापमान भी कम हुआ है। श्रीगंगानगर, चुरू, सीकर, दौसा, भीलवाड़ा और पाली जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। सबसे कम तापमान सीकर के फतेहपुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर 21 मार्च तक रहेगा, इसके बाद आसमान से बादल गायब हो जाएंगे।
मौसम विभाग के अनुसार कल गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा क्षेत्र में भी बारिश और तूफान की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश के साथ ही गरज-चमक और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। गुजरात में भी आज और कल हल्की से मध्यम स्तर की बारिश के साथ ही गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कोंकण क्षेत्र और गोवा में आज और कल गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है।
