शहर

राजस्थान का मौसम (12 May 2026) Rajasthan Weather Today: बाड़मेर में आसमान से बरस रही आग, 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12 May 2026: राजस्थान में मौसम जिस तरह से अलग-अलग रंग दिखा रहा है, उसने राज्य को दो हिस्सों में बांट दिया है। एक तरफ बाड़मेर सहित पश्चिम राजस्थान में हीटवेव का प्रकोप है तो पूर्वी और उत्तरी राजस्थान में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से राहत मिली है। जानिए आज कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम -

Image

पश्चिमी राजस्थान में लू की चेतावनी, उत्तरी राजस्थान में बारिश के आसार

राजस्थान में आज का मौसम (12 May 2026): राजस्थान में इन दिनों प्रचंड गर्मी का दौर है। खासतौर पर पश्चिमी राजस्थान तेज धूप और भीषण गर्मी के चलते लू (Heatwave) के हालात बने हुए हैं। हालांकि, राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम के अलग ही रंग देखने को मिल रहे हैं। कल यानी सोमवार 11 मई को मौसम के दो बिल्कुल अलग-अलग रंग देखने को मिले। एक ओर पश्चिमी राजस्थान भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में रहा, तो दूसरी ओर उत्तरी राजस्थान के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को कुछ हद तक राहत पहुंचाई।

कल सबसे गर्म शहर रहा बाड़मेर

सोमवार को सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही, जहां अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। मौसम केंद्र के अनुसार सोमवार को बाड़मेर देश का सबसे गर्म शहर रहा।

इन शहरों में आज भी हीटवेव का अलर्ट

पश्चिमी राजस्थान में बाड़मेर के अलावा जैसलमेर, फलोदी, बीकानेर, जोधपुर और जालोर में भी दिनभर तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन प्रभावित किया। जैसलमेर, फलोदी, बीकानेर और जोधपुर सहित कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विभाग ने जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर के लिए आज भी हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पाकिस्तान की तरफ से आने वाली गर्म और शुष्क हवाएं इस बार थार क्षेत्र में बिना किसी बाधा के प्रवेश कर रही हैं, जिसके कारण तापमान लगातार ऊपर बना हुआ है। इसी वजह से बाड़मेर और जैसलमेर में भी इस सीजन का रिकॉर्ड तापमान दर्ज हुआ।

यहां आंधी और बारिश से मौसम हुआ सुहावना

हालांकि, उत्तरी राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ ने कुछ हद तक राहत दी। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के कई इलाकों में कल सुबह तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई और कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, हनुमानगढ़ में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा।

जयपुर-अलवर में आंधी बारिश का येलो अलर्ट

राजधानी जयपुर में गर्मी का असर बढ़ता नजर आया। दिनभर तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तापमान बढ़ने के साथ उमस ने भी लोगों को परेशान किया। हालांकि, मौसम विभाग ने जयपुर, भरतपुर, अलवर और सीकर सहित कई जिलों के लिए मंगलवार को आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

उदयपुर में भी प्रचंड गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। लेक सिटी में सोमवार को अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। कोटा में दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई। यहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अजमेर में गर्म हवा और उमस के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर गया, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री दर्ज हुआ।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी राजस्थान में मौसम का यही मिला-जुला रूप देखने को मिलेगा। पश्चिमी जिलों में आगे भी भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहेगा, जबकि पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article