अध्यात्म

शुभ काम कब से शुरू होंगे, जानिए कब से चालू हो जाएंगे शादी, मुंडन और गृहप्रवेश जैसे मांगलिक कार्य

Shubh Kam Kab Se Shuru Honge : चातुर्मास के बाद देवउठनी एकादशी से शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाती है। हालांकि ये शुभ कार्य दिसंबर में खरमास लगने के पहले तक ही हो सकेंगे। इस बाद इनपर विराम लग जाएगा।

Image

शुभ कार्य कब से शुरू होंगे

Shubh Kam Kab Se Shuru Honge : करीब चार महीने से शादी-विवाह और दूसरे मांगलिक कार्यों का इंतजार कर रहे लोगों के लिए नवंबर का महीना खास रहने वाला है। देवउठनी एकादशी के साथ ही चातुर्मास समाप्त होगा और भगवान विष्णु योग निद्रा से जागेंगे। इसके बाद हिंदू धर्म में विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और जनेऊ जैसे शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। अगर आपके घर में भी शादी की तैयारी चल रही है या नए मकान में प्रवेश करने की योजना है, तो अब शुभ तारीखों की जानकारी लेना जरूरी है।

साल 2026 में देवउठनी एकादशी 20 नवंबर, शुक्रवार को मनाई जाएगी। इसी दिन से चातुर्मास का समापन माना जाएगा।विवाह, मुंडन और गृह प्रवेश के लिए अलग-अलग तिथियां और मुहूर्त निर्धारित हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि नवंबर और दिसंबर 2026 में कौन-कौन सी तारीखों पर शुभ कार्य किए जा सकते हैं।

20 नवंबर को है देवउठनी एकादशी

हिंदू धर्म में देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक चातुर्मास रहता है। धार्मिक मान्यता है कि देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चार महीने तक विवाह और दूसरे बड़े मांगलिक आयोजन नहीं किए जाते हैं। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त होता है और शुभ कार्यों की शुरुआत मानी जाती है।

साल 2026 में 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी है। इसके बाद विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश और जनेऊ जैसे संस्कारों के लिए शुभ मुहूर्त मिलने लगेंगे। हालांकि, नवंबर में पंचक की अवधि भी 22 नवंबर की सुबह तक रहेगी। ऐसे में किसी भी आयोजन की तारीख तय करते समय संबंधित पंचांग और उस दिन के विशेष मुहूर्त को देखना जरूरी होगा।

नवंबर 2026 में शादी-विवाह के शुभ मुहूर्त

नवंबर में देवउठनी एकादशी के बाद विवाह के लिए ज्यादा तारीखें नहीं बची हैं। द्रिक पंचांग के अनुसार नवंबर में विवाह के लिए 21, 24, 25 और 26 नवंबर को शुभ मुहूर्त मिल रहे हैं।

  • 21 नवंबर 2026, शनिवार
  • 24 नवंबर 2026, मंगलवार
  • 25 नवंबर 2026, बुधवार
  • 26 नवंबर 2026, गुरुवार

इन तारीखों पर विवाह के लिए शुभ लग्न उपलब्ध हैं। हालांकि, अलग-अलग पंचांगों में पहले विवाह मुहूर्त की तारीख को लेकर अंतर हो सकता है।

दिसंबर 2026 में कब-कब हैं शादी के शुभ मुहूर्त

दिसंबर में भी विवाह के लिए कुछ शुभ तारीखें उपलब्ध हैं। पंचांग के अनुसार इस महीने 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर को विवाह के मुहूर्त हैं।

  • 2 दिसंबर 2026, बुधवार
  • 3 दिसंबर 2026, गुरुवार
  • 4 दिसंबर 2026, शुक्रवार
  • 5 दिसंबर 2026, शनिवार
  • 6 दिसंबर 2026, रविवार
  • 11 दिसंबर 2026, शुक्रवार
  • 12 दिसंबर 2026, शनिवार

इसके बाद 16 दिसंबर को सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार खरमास में विवाह जैसे मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। ऐसे में दिसंबर में शादी की योजना बना रहे परिवारों के पास 12 दिसंबर तक के मुहूर्त महत्वपूर्ण रहेंगे।

नवंबर 2026 में मुंडन के शुभ मुहूर्त

देवउठनी एकादशी के बाद मुंडन संस्कार के लिए 26 नवंबर 2026, गुरुवार का दिन शुभ रहने वाला है।

दिसंबर 2026 में मुंडन कब कराएं

दिसंबर में मुंडन संस्कार के लिए उपलब्ध मुहूर्तों में ये तारीखें शामिल हैं।

  • 4 दिसंबर 2026, शुक्रवार
  • 14 दिसंबर 2026, सोमवार
  • 16 दिसंबर 2026, बुधवार

मुंडन संस्कार के लिए तारीख तय करते समय बच्चे की जन्म कुंडली और परिवार की परंपरा के अनुसार मुहूर्त देखना उचित रहेगा।

नवंबर 2026 में गृह प्रवेश के शुभ मुहूर्त

नए घर में प्रवेश करने की योजना बना रहे लोगों के लिए नवंबर में कई तारीखें उपलब्ध हैं। गृह प्रवेश के लिए 20, 21, 25 और 26 नवंबर को शुभ मुहूर्त हैं।

  • 20 नवंबर 2026, शुक्रवार: सुबह 6:56 बजे से 21 नवंबर सुबह 6:31 बजे तक
  • 21 नवंबर 2026, शनिवार: सुबह 4:56 बजे से 5:54 बजे तक
  • 25 नवंबर 2026, बुधवार: सुबह 6:52 बजे से 26 नवंबर सुबह 6:52 बजे तक
  • 26 नवंबर 2026, गुरुवार: सुबह 6:52 बजे से शाम 5:47 बजे तक

इनमें 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी का दिन भी है। नए घर में प्रवेश की योजना बना रहे परिवार अपनी सुविधा के अनुसार संबंधित मुहूर्त का चयन कर सकते हैं।

दिसंबर 2026 में गृह प्रवेश के शुभ मुहूर्त

दिसंबर में भी गृह प्रवेश के लिए कई तारीखें दी गई हैं। उपलब्ध पंचांग विवरण के अनुसार ये मुहूर्त हैं।

  • 2 दिसंबर 2026, बुधवार: रात 10:51 बजे से 3 दिसंबर सुबह 6:58 बजे तक
  • 3 दिसंबर 2026, गुरुवार: सुबह 6:58 बजे से 9:23 बजे तक
  • 4 दिसंबर 2026, शुक्रवार: सुबह 10:22 बजे से रात 11:44 बजे तक
  • 11 दिसंबर 2026, शुक्रवार: रात 3:04 बजे से 12 दिसंबर सुबह 7:04 बजे तक
  • 12 दिसंबर 2026, शनिवार: सुबह 7:04 बजे से दोपहर 2:06 बजे तक

गृह प्रवेश के मुहूर्त स्थान और पंचांग की गणना के अनुसार अलग हो सकते हैं।

16 दिसंबर से बंद हो जाएंगे मांगलिक कार्य

दिसंबर के मध्य में मांगलिक कार्यों के लिए एक बार फिर विराम लगने वाला है। 16 दिसंबर 2026 को सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू होगा। धार्मिक मान्यताओं में खरमास के दौरान विवाह जैसे बड़े मांगलिक कार्यों को वर्जित माना जाता है। यही वजह है कि नवंबर और दिसंबर के शुरुआती दिनों में विवाह के लिए उपलब्ध मुहूर्तों को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कुल मिलाकर, 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के साथ चातुर्मास समाप्त होने के बाद मांगलिक कार्यों का दौर शुरू होगा। शादी-विवाह के लिए नवंबर में 21, 24, 25 और 26 तारीखें, जबकि दिसंबर में 2 से 6 और 11-12 दिसंबर के मुहूर्त खास हैं। मुंडन और गृह प्रवेश के लिए भी अलग-अलग तारीखें उपलब्ध हैं।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article