भारतीय रेलवे से हर दिन लाखों लोग सफर करते हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे यात्रियों की होती है, जिन्हें कन्फर्म टिकट नहीं मिलने पर RAC टिकट लेकर यात्रा करनी पड़ती है। लेकिन अब रेलवे की दशकों पुरानी RAC व्यवस्था को लेकर एक नई चर्चा शुरू हो गई है। सवाल उठ रहा है कि क्या रेलवे RAC सिस्टम को खत्म करने या इसमें बड़े बदलाव करने की तैयारी कर रहा है?हालांकि, फिलहाल इसे लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है, लेकिन इस व्यवस्था की समीक्षा का मुद्दा जरूर सामने आया है।
दरअसल, RAC यानी Reservation Against Cancellation टिकट पर दो यात्रियों को एक ही साइड लोअर बर्थ दी जाती है। दोनों यात्रियों को बैठने के लिए जगह तो मिलती है, लेकिन सोने के लिए पूरी बर्थ नहीं मिलती। इसके बावजूद दोनों यात्रियों से पूरा किराया लिया जाता है। यानी किराया पूरी बर्थ का और सोने की जगह आधी। यात्रियों की सुविधा और किराये के इस अंतर को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं।
क्या है RAC व्यवस्था पर सवाल?
RAC टिकट मिलने पर यात्री को ट्रेन में सफर करने की अनुमति होती है, लेकिन उसे शुरुआत में पूरी बर्थ नहीं मिलती। एक ही बर्थ को दो यात्रियों के बीच बांट दिया जाता है। अगर ट्रेन रवाना होने से पहले या यात्रा के दौरान कोई कन्फर्म टिकट रद्द करता है और बर्थ खाली होती है, तो RAC यात्री को पूरी बर्थ मिलने की संभावना रहती है। लेकिन अगर बर्थ खाली नहीं होती, तो दोनों यात्रियों को उसी सीमित जगह में सफर करना पड़ता है।इस व्यवस्था में एक और परेशानी तब सामने आती है, जब एक ही बर्थ पर महिला और पुरुष यात्रियों को जगह दी जाती है। ऐसे मामलों में यात्रियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही ट्रेन में मौजूद टीटीई के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था करना कई बार चुनौती बन जाता है।
संसदीय समिति भी उठा चुकी है सवाल
RAC व्यवस्था पर सिर्फ यात्रियों की ओर से ही नहीं, बल्कि संसदीय समिति की ओर से भी सवाल उठाए गए हैं। समिति ने इस बात पर चिंता जताई है कि जब यात्री को सोने के लिए पूरी बर्थ नहीं मिलती, तो उससे पूरा किराया क्यों लिया जा रहा है। समिति ने रेलवे को मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा करने और यात्रियों के हित में जरूरी बदलाव पर विचार करने की सिफारिश की है।क्यों शुरू हुई थी RAC व्यवस्था?
RAC व्यवस्था उस दौर में शुरू की गई थी, जब रेलवे में टिकटों का आरक्षण मुख्य रूप से मैनुअल तरीके से होता था। उस समय टिकट कैंसिल होने और खाली होने वाली बर्थ का तुरंत पता लगाने के लिए आज जैसी इलेक्ट्रॉनिक व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में रेलवे ने एक बर्थ पर दो यात्रियों को जगह देने का प्रावधान बनाया, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को सफर का मौका मिल सके। बाद में किसी यात्री का टिकट कैंसिल होने पर RAC यात्री को पूरी बर्थ मिलने का रास्ता खुल जाता था।
अब सबसे बड़ा सवाल- यात्रियों को क्या मिलेगा फायदा?
अगर रेलवे RAC व्यवस्था को खत्म करने या इसमें बदलाव करने का फैसला करता है, तो इसका सीधा असर लाखों रेल यात्रियों पर पड़ सकता है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि RAC को पूरी तरह खत्म करने पर विचार हो रहा है या सिर्फ किराये और बर्थ आवंटन के नियमों में बदलाव की संभावना तलाशी जा रही है।
फिलहाल यात्रियों को रेलवे के आधिकारिक फैसले का इंतजार करना होगा। लेकिन इतना जरूर है कि जिस व्यवस्था के तहत यात्रियों को पूरा किराया देने के बावजूद आधी बर्थ पर सफर करना पड़ता है, उस पर अब नए सिरे से विचार की जरूरत महसूस की जा रही है।
