UP News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में 26 घंटे तक दहशत का दूसरा नाम बने एक साइको किलर (Psycho Killer) और रिटायर्ड फौजी गुरप्रीत सिंह को कल यानी सोमवार 11 मई को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। इस साइको किलर ने 24 से 26 घंटे के भीतर तीन सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देकर दहशत फैला दी थी। आखिरकार पुलिस ने लोगों को इस साइको किलर के आतंक से निजात दिलाई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिसने साल 2021 में सेना की नौकरी छोड़ी थी। इसके बाद वह सामान्य जीवन जीने की कोशिश करने लगा, लेकिन शराब की लत और मानसिक अस्थिरता के कारण वह अपराध की दुनिया में उतर गया। इस दौरान उसने बिहार के आरा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी भी की, लेकिन ये नौकरी छूटने के बाद उसकी मानसिक स्थिति और खराब हो गई।
गुरप्रीत सिंह ने किसी व्यक्तिगत दुश्मनी के बजाय पूरी तरह रैंडम तरीके से लोगों को अपना निशाना बनाया। उसने पहली वारदात 10 मई को अलीनगर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव के पास ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में की, जहां उसने जमानिया निवासी मंगरू को गोली मारकर हत्या कर दी।
इसके बाद 11 मई की रात कोलकाता से जम्मूतवी जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में भी उसने एक यात्री को गोली मार दी। साइको किलर गुरप्रीत ने तीसरी और सबसे सनसनीखेज वारदात को सोमवार सुबह अंजाम दिया, जब आरोपी ने अलीनगर स्थित जीवक अस्पताल में भर्ती एक महिला के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
अस्पताल में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इलेक्ट्रॉनिक सुबूतों, सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन हिस्ट्री के जरिए पुलिस ने तीनों हत्याओं में उसके शामिल होने की पुष्टि की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर SOG, जीआरपी, अलीनगर पुलिस और सकलडीहा पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी को घटनास्थलों पर लेकर सीन रीक्रिएशन कर रही थी। इसी दौरान गुरप्रीत ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई (Chandauli Encounter) में आरोपी के सीने में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में जीआरपी के एक हेड कांस्टेबल सहित दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। आरोपी के कब्जे से रिवाल्वर, कारतूस और कटी हुई DBBL गन बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक ने मुठभेड़ और आरोपी की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
