दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांछित शूटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के इशारे पर फिरौती के लिए गोलीबारी की वारदातों को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। उनकी साजिश के निशाने पर बॉलीवुड का एक चर्चित अभिनेता और दिल्ली का एक कारोबारी था। पुलिस की कार्रवाई से दोनों हमलों को समय रहते नाकाम कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी विकास ठाकुर उर्फ विक्की (25) और तरनतारन निवासी दीप उर्फ दीपक सिंह के रूप में की है। दोनों को दिल्ली और मुंबई में अलग-अलग खुफिया ऑपरेशन चलाकर गिरफ्तार किया गया।
दिल्ली में कारोबारी और मुंबई में अभिनेता था निशाने पर
स्पेशल सेल के डीसीपी नर्रा चैतन्य ने बताया कि विकास ठाकुर विदेशी गैंगस्टर के निर्देश पर मुंबई से दिल्ली पहुंचा था। उसे एक कारोबारी को निशाना बनाकर फिरौती से जुड़ी गोलीबारी करनी थी। दीप को बाद में उसके साथ जुड़ना था,लेकिन पुलिस ने वारदात को अंजाम देने से पहले ही विकास को दबोच लिया। विकास की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और मुंबई में छिपे दीपक सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उसकी गिरफ्तारी से बॉलीवुड अभिनेता पर होने वाला हमला भी टल गया। हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा कारणों से अभिनेता की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।1984 के दंगों पर टिप्पणी से जुड़ी थी हमले की साजिश
पुलिस के मुताबिक, विदेशी गैंगस्टर ने दीप को मुंबई में छिपे रहने का निर्देश दिया था। आरोप है कि बॉलीवुड अभिनेता पर हमला करने की योजना बनाई गई थी। इसकी वजह अभिनेता की 1984 के सिख विरोधी हिंसा को लेकर कथित टिप्पणी बताई जा रही है। गैंगस्टर ने कथित तौर पर हमले को अंजाम दिए जाने तक दीप को मुंबई में ही छिपे रहने के लिए कहा था।
मैड संधू हत्याकांड में भी वांछित था आरोपी
पुलिस के अनुसार, दीप पर 3 अक्टूबर को अमृतसर में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या में शामिल होने का आरोप है। उसने कथित तौर पर अपने साथी पलविंदर उर्फ काका के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पलविंदर को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
स्नैचिंग और सट्टेबाजी से अपराध की दुनिया में आया विकास
पुलिस की जांच में सामने आया है कि विकास ठाकुर ने कथित तौर पर स्नैचिंग और अवैध सट्टेबाजी से अपराध की दुनिया में कदम रखा था। साल 2023 में वह गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई के लिए अवैध हथियारों की सप्लाई करने लगा। बाद में वह अनिल पंडित और रंदीप मलिक जैसे गैंगस्टरों के संपर्क में आया। उस पर हथियारों की व्यवस्था करने, नए लोगों को गिरोह में शामिल करने और फिरौती की वारदातों के लिए रेकी करने का आरोप है। वहीं, दीप पहले ट्रक में हेल्पर और ड्राइवर के रूप में काम करता था। स्थानीय गिरोहों के संपर्क में आने के बाद वह संगठित अपराध से जुड़ गया।फिलहाल दिल्ली पुलिस ने स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस उनके नेटवर्क तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों की कड़ियां खंगाल रही है।
