शहर

'CJP कार्यकर्ताओं ने नहीं दी थी सूचना', बगरू स्कूल विवाद पर जयपुर पुलिस का बड़ा खुलासा, जानिए और क्या कहा

जयपुर के बगरू इलाके में सीजेपी के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच हुई धक्का-मुक्की के मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दक्षिण जयपुर के डीसीपी राजर्षि राज के मुताबिक पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और बयान दर्ज करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Image

CJP और ग्रामीणों के विवाद पर आया पुलिस का बयान

Photo : PTI

राजस्थान की राजधानी जयपुर के बगरू स्थित रामपुरा-कंवरपुरा गांव में 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच हुआ विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। इस घटना के बाद दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पूरे मामले पर जानकारी देते हुए जयपुर दक्षिण (South Jaipur) के डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सीजेपी की ओर से इस कार्यक्रम को लेकर पुलिस को पहले से कोई लिखित सूचना नहीं दी गई थी। इसलिए पुलिस केवल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो या जानकारियों के आधार पर सीधे कोई जल्दबाजी में कार्रवाई नहीं करेगी, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे के कानूनी कदम उठाएगी।

घटनाक्रम के मुताबिक, सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनकी टीम जब गांव के सरकारी स्कूल की स्थिति का जायजा लेने पहुंची, तो ग्रामीणों और कथित कार्यकर्ताओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि भीड़ ने कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की, रेत उछाली और गाड़ियों पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए।

घटना के बाद सीजेपी नेताओं ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका और संस्थापक अभिजीत दिपके ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। दिपके ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यदि 48 घंटों में हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई और स्कूल सुधार का काम शुरू नहीं हुआ, तो वे खुद जयपुर आएंगे। उन्होंने देश के युवाओं (Gen Z) को एकजुट कर राजस्थान में दिल्ली जैसा बड़ा आंदोलन खड़ा करने की चेतावनी दी है। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article