Amer Tala Mod Wall Collapse: जयपुर ग्रामीण के चंदवाजी थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले आमेर के ताला मोड़ से एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक निर्माण स्थल पर निर्माणाधीन दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबने से 3 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
ताश के पत्तों की तरह ढही दीवार, मलबे में दबे श्रमिक
बताया गया कि ताला मोड़ पर एक परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था। सभी मजदूर काम में जुटे थे कि तभी अचानक एक ऊंची निर्माणाधीन दीवार ताश के पत्तों की तरह ढह गई। दीवार अचानक गिरने से वहां काम कर रहे श्रमिकों को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला। एक दर्जन से ज्यादा मजदूर सीधे तौर पर मलबे और भारी पत्थरों के नीचे दब गए।
ग्रामीणों ने देवदूत बनकर किया रेस्क्यू, लेकिन 3 की थमी सांसें
हादसा होते ही निर्माण स्थल पर कोहराम मच गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने दौड़ लगाई और अपनी जान की परवाह न करते हुए तुरंत मलबे को हटाकर लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक 3 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए अपनी गाड़ियों और स्थानीय साधनों की मदद से अन्य सभी घायल श्रमिकों को तुरंत पास के निम्स (NIMS) अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही चंदवाजी थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है।
