UP Chunav 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर अपनी संगठनात्मक रणनीति तेज कर दी है। मतदाता सूची से छूटे नामों को जुड़वाने और नए मतदाताओं को पार्टी के अभियान के जरिए वोटर बनाने के लिए बीजेपी ने एक महीने का व्यापक 'मतदाता जोड़ो अभियान-2026' तैयार किया है।
आज लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अभियान की रणनीति पर चर्चा कर रहें है। बैठक में सभी जिलाध्यक्षों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण को गंभीरता से लेने और बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
सीएम योगी ने वोटरों की संख्या में बताया था अंतर
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंचायत और विधानसभा मतदाता सूचियों के अंतर का मुद्दा उठाते हुए करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के पंचायत की वोटर लिस्ट में होने, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में नाम नहीं होने का दावा किया था। इसके अलावा लाभार्थी सूची में शामिल लोगों के नाम विधानसभा मतदाता सूची में नहीं होने का मुद्दा भी बीजेपी के एजेंडे में है। पार्टी अब पंचायत मतदाता सूची, राशन कार्ड धारकों, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और अन्य उपलब्ध सूचियों के जरिए ऐसे लोगों की पहचान करेगी, जिनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
बीजेपी की रणनीति सिर्फ छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने तक सीमित नहीं है। पार्टी ने प्रदेश के सभी 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर कम से कम 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इस हिसाब से करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य बनता है। पार्टी की ओर से साझा किए गए आंकड़े में लक्ष्य 86 लाख 86 हजार 600 बताया गया है। यानी करीब 86.86 लाख नए मतदाताओं को जोड़ने की तैयारी है।
17 नवंबर से शुरू होगा मतदाता पुनरीक्षण अभियान
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावा-आपत्ति और संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया चलेगी। बीजेपी इसी एक महीने की अवधि को अपने मतदाता जोड़ो अभियान के रूप में इस्तेमाल करेगी।
पार्टी ने अभियान को कई चरणों में बांटा है:
1. प्रदेश स्तरीय कार्यशाला – 13 नवंबर
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश कार्यशाला में बीएलए-1, क्षेत्र और जिला मतदाता सूची प्रमुख, आईटी संयोजक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, क्षेत्र अध्यक्ष और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों को शामिल किया गया।
2. जिला स्तरीय बैठक – 16, 17 और 18 नवंबर
हर जिले में तैयारी बैठक होगी। इसमें जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, बीएलए-1, जिला मतदाता सूची प्रमुख, विधानसभा प्रभारी, विस्तारक, आईटी प्रमुख और मोर्चों के जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। इन बैठकों में विधानसभा स्तर की बैठकों और बूथवार अभियान की रूपरेखा तैयार होगी।
3. विधानसभा स्तरीय बैठक – 19, 20 और 21 नवंबर
विधानसभा स्तर पर बैठक करके शक्ति केंद्रों के हिसाब से सभी बूथों पर अभियान चलाने की योजना बनाई जाएगी। इसमें सांसद, विधायक, एमएलसी, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, ब्लॉक प्रमुख, नगर पालिका-पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, मंडल अध्यक्ष, युवा और महिला मोर्चे के पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
इन बैठकों में मतदाता सूची के साथ फॉर्म-6 और फॉर्म-8 वितरित किए जाएंगे। कार्यकर्ताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।
4. विशेष मतदाता जोड़ो अभियान – 22, 23 और 24 नवंबर
इन तीन दिनों में पूरी पार्टी प्रत्येक बूथ पर अभियान चलाएगी। विधानसभा बैठक के बाद शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, बूथ अध्यक्ष और बीएलए-2 मिलकर घर-घर संपर्क की योजना बनाएंगे।
खास बात यह है कि 22 नवंबर को पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी किसी न किसी बूथ पर जाकर अभियान में शामिल होगा। जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी पदाधिकारियों को बूथ और विधानसभा आवंटित करेंगे। कार्यकर्ता मतदाता सूची लेकर घर-घर जाएंगे और छूटे हुए मतदाताओं की पहचान कर उनके नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कराएंगे।
इन 8 श्रेणियों के मतदाताओं पर बीजेपी की नजर
बीजेपी ने मतदाता जोड़ो अभियान के तहत ऐसे लोगों की पहचान के लिए विशेष रणनीति बनाई है, जिनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं है।
- नए युवा मतदाता: जिनकी उम्र 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो जाएगी।
- शादी के बाद दूसरी जगह आई महिलाएं: ऐसी महिलाएं जो शादी के बाद ससुराल में रह रही हैं, लेकिन वहां की मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है।
- पंचायत सूची में शामिल मतदाता: जिनका नाम ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में है, लेकिन विधानसभा की वोटर लिस्ट में नहीं है।
- सरकारी योजनाओं के लाभार्थी: लाभार्थी सूची में नाम है, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है।
- राशन कार्ड धारक: जिनके पास राशन कार्ड है और राशन भी मिल रहा है, लेकिन मतदाता सूची में नाम नहीं है।
- अस्थायी रूप से बाहर रहने वाले लोग: जो काम या अन्य कारणों से कुछ समय के लिए बाहर चले गए और उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया।
- पंचायत सहायकों की मदद: पंचायत सहायकों से जानकारी और सहयोग लेकर छूटे हुए मतदाताओं की पहचान की जाएगी।
- कमल साथी ऐप: पंचायत और अन्य उपलब्ध सूचियों को बूथ एवं विधानसभा के अनुसार कमल साथी ऐप से डाउनलोड कर अभियान में इस्तेमाल किया जाएगा।
महिला मतदाता जोड़ो अभियान – 28, 29 और 30 नवंबर
इस अभियान का संयोजन महिला मोर्चा करेगा, लेकिन इसमें पूरी पार्टी की भागीदारी रहेगी। महिला मोर्चा के अलावा पार्टी की सभी महिला पदाधिकारियों और महिला जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इसमें खास तौर पर शादी के बाद ससुराल आई उन महिलाओं पर फोकस रहेगा, जिनका नाम नई जगह की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। सामूहिक विवाह योजना की लाभार्थी महिलाओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों और बीसी सखियों से संपर्क कर सहयोग लिया जाएगा। जिला स्तर पर बैठक करके मंडलवार योजना तैयार होगी और महिला कार्यकर्ता घर-घर जाकर महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का अभियान चलाएंगी।
युवा मतदाता जोड़ो अभियान – 1, 2 और 3 दिसंबर
युवा मोर्चा इस अभियान का संयोजक होगा। इसमें 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विशेष रूप से टारगेट किया जाएगा। 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को भी मतदाता बनाने पर जोर रहेगा।
बीजेपी की नजर उन युवाओं पर भी है, जिन्होंने छात्रवृत्ति, टैबलेट, स्कूटी और दूसरी सरकारी योजनाओं का लाभ लिया है, लेकिन अभी तक मतदाता के रूप में पंजीकरण नहीं कराया है।
इसके लिए कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम और कैंप लगाए जाएंगे। युवा मोर्चा जिला स्तर पर बैठक करके प्रत्येक मंडल की योजना तैयार करेगा।
फॉर्म-6, 7 और 8 के जरिए होगा मतदाता सूची में सुधार
बीजेपी ने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया भी समझाने की तैयारी की है।
