शहर

अंकित बालियान हत्याकांड: दिल्ली पुलिस ने दोनों गैंगस्टरों को कोर्ट में नहीं किया पेश

  • Agency by: भाषा
  • Updated Nov 13, 2026, 01:08 PM IST

अंकित बालियान हत्याकांड में दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर दीपक उर्फ तीतर और योगेश उर्फ टुंडू को गुरुवार को कैराना अदालत में पेश नहीं किया। अदालत ने अगली पेशी 16 नवंबर तय की है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Ankit Baliyan Murder Case: दिल्ली पुलिस ने हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में दो गैंगस्टरों- दीपक उर्फ तीतर और योगेश उर्फ टुंडू को कैराना में एक अदालत में गुरुवार को पेश नहीं किया। शामली के अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मुताबिक, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अक्षयदीप यादव ने इस मामले में इन अभियुक्तों की पेशी के लिए 16 नवंबर की तिथि तय की है।

फर्जी मुठभेड़ की आशंका जताकर गैंगस्टरों ने मांगी थी बुलेट प्रूफ सुरक्षा

शामली पुलिस ने दिल्ली के तिहाड़ जेल में निरुद्ध इन दो गैंगस्टरो की पुलिस हिरासत रिमांड मांगी है। इन आरोपियों ने उत्तर प्रदेश की पुलिस द्वारा फर्जी मुठभेड़ की आशंका के चलते बुलेट प्रूफ जैकेट और हाथों एवं पैरों में बेड़ियों में उन्हें पेश किए जाने का दिल्ली की एक अदालत से अनुरोध किया था। दिल्ली पटियाला हाउस अदालत ने तीन नवंबर को इनका अनुरोध मान लिया और जेल अधिकारियों को इन दो आरोपियों को तिहाड़ जेल से शामली की अदालत में पेशी के लिए ले जाते समय इनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

आरोपियों ने 26 अगस्त को की थी अंकित बालियान की हत्या

शामली जिले में बालियान की 26 अगस्त को अज्ञात हमलावरों द्वारा उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब वह जिम से बाहर निकले और अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने इस हत्या के मामले में चार कथित शूटरों के खिलाफ मामला दर्ज किया जिनमें से दो की पहचान मोहित और सुमित के रूप में की गई और ये 31 अगस्त को शामली में पुलिस के साथ एक मुठभेड़ में मारे गए। पुलिस ने प्रत्येक फरार आरोपियों पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है, जिनमें सत्यम कादियान, आर्यन और राहुल उर्फ बोलू शाहपुरिया शामिल हैं । इनके खिलाफ कुर्की की कार्यवाही भी शुरू की गई है, जबकि पुलिस टीमें इनकी तलाश कर रही हैं।

End of Article