Roorkee News: उत्तराखंड के रुड़की स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT Roorkee) में 20 साल के छात्र की मौत का मामला सामने आया है। गाजियाबाद निवासी छात्र आयुष राजोरिया का शव संस्थान के गोविंद भवन स्थित उसके कमरे में मिला। गुरुवार देर रात कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर पुलिस ने शव को बाहर निकाला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्र ने आत्महत्या की है। हालांकि, घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गोविंद भवन में मिला छात्र का शव
जानकारी के मुताबिक, आयुष राजोरिया IIT रुड़की के BS-MS प्रोग्राम में दूसरे वर्ष का छात्र था। वह गणित एवं कंप्यूटिंग विषय की पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार को रोजाना की तरह वह अपने कमरे में गया था। देर रात करीब एक बजे पुलिस को छात्र की मौत की सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद रुड़की कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। छात्र का कमरा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई और शव को बाहर निकाला। पुलिस ने जरूरी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। साथ ही छात्र के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
ये भी पढ़ें - नीतीश कुमार के नाम से जाना जाएगा बिहार का ये 6 लेन पुल
पुलिस कर रही है मामले की जांच
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि आईआईटी रुड़की में छात्र की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे क्या वजह रही, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - दिल्ली सरकार का AAP और केजरीवाल पर गंभीर आरोप
IIT रुड़की ने जताया दुख
छात्र की मौत पर आईआईटी रुड़की ने भी शोक जताया है। संस्थान की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि BS-MS प्रोग्राम के दूसरे वर्ष के छात्र आयुष राजोरिया के असामयिक निधन से संस्थान दुखी है। घटना की परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है। संस्थान ने कहा कि वह जांच में अधिकारियों का पूरा सहयोग कर रहा है और परिवार को हर जरूरी मदद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
