शहर

पंजाब में बिजली उपभोक्ताओं के लिए 'वन टाइम सेटलमेंट' योजना शुरू, भगवंत मान बोले- सिर्फ पंजाब को बदनाम करने की साजिश

Punjab Electricity OTS Scheme: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए OTS योजना का ऐलान किया है, जिसके तहत 31 मार्च 2026 तक का ब्याज और पेनल्टी माफ होगी।

Image

पंजाब में बिजली उपभोक्ताओं के लिए 'वन टाइम सेटलमेंट' योजना शुरू, भगवंत मान बोले- सिर्फ पंजाब को बदनाम करने की साजिश

Bhagwant Mann: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। इसके साथ ही उन्होंने पराली जलाने के मुद्दे पर पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगाया और राजनीतिक विरोधियों पर जमकर निशाना साधा।

बिजली उपभोक्ताओं के लिए 'वन टाइम सेटलमेंट' (OTS) योजना

सीएम भगवंत मान ने घोषणा की कि राज्य में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए 'OTS' योजना शुरू की जा रही है, जो अगले 45 दिनों तक लागू रहेगी। इस योजना से जुड़ी मुख्य बातें इस प्रकार हैं:

बकाया राहत: 31 मार्च 2026 तक के बकाया बिजली बिलों पर लगने वाली पेनल्टी और सारा ब्याज पूरी तरह माफ कर दिया जाएगा। उपभोक्ताओं को केवल मूल बिल (Principal Amount) चुकाना होगा।

फायदा: इस योजना का लाभ राज्य के लगभग 24 लाख 86 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा।

वित्तीय आंकड़ा: कुल 2516 करोड़ रुपए के बिजली बिल बकाया हैं, जिनमें से सरकार 518 करोड़ रुपए का ब्याज और जुर्माना माफ करने जा रही है।

पराली के मुद्दे पर घेरा, बोले- 'पंजाब को बदनाम किया जा रहा है'

दिल्ली में प्रदूषण और पराली (Stubble Burning) के धुएं को लेकर उठ रहे सवालों पर सीएम मान ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पंजाब से धुआं दिल्ली तब पहुंचेगा जब उत्तर से पश्चिम की तरफ 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चले और तब भी वहां पहुंचने में 3 दिन लगेंगे।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, 'ये हरियाणा वालों को कुछ क्यों नहीं कहते, वहां भी पराली जल रही है? दिल्ली के पास गाजियाबाद है, हरियाणा है, वहां भी धान की खेती होती है लेकिन उनका धुआं दिल्ली क्यों नहीं जाता? पंजाब में अभी धान की कटाई शुरू भी नहीं हुई थी और मनजिंदर सिरसा ने बयान दे दिया कि हमारे पास धुआं पहुंच गया। यह सिर्फ पंजाब को बदनाम करने की साजिश है।' लाहौर में धुआं जाने के सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्या पाकिस्तान भी हमारा धुआं जा रहा है?

राजनीतिक बयानों और विदेशी दौरे पर बोले मान

गठबंधन पर तंज: बीजेपी-अकाली गठबंधन के प्रभाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि 'जीरो प्लस जीरो' का मतलब जीरो ही होता है।

टिकट बंटवारे पर नाराजगी: चुनावों या टिकट के ऐलान के बाद नेताओं के इस्तीफे पर उन्होंने कहा कि टिकट सभी को नहीं दिया जा सकता, विधानसभा सीटें सिर्फ 117 ही हैं। ऐसे में जिसे टिकट नहीं मिलता, उसका थोड़ा नाराज होना स्वाभाविक है।

पाकिस्तान जाने की इच्छा: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दोहराया कि पाकिस्तान में होने जा रहे 'वर्ल्ड पंजाबी कॉन्फ्रेंस' में शामिल होने के लिए वे सभी औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। हालांकि, किसी भी विदेशी दौरे के लिए केंद्र सरकार से राजनीतिक क्लियरेंस (मंजूरी) लेनी पड़ती है, जिसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article