मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 21 नवंबर को अहमदाबाद में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले उनके कुछ गानों और स्टेज परफॉर्मेंस को लेकर आपत्ति जताई गई है। जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर कॉन्सर्ट में शराब, नशे और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गाने न गाने की मांग की है। साथ ही बच्चों को स्टेज पर नहीं बुलाने और परफॉर्मेंस के दौरान बुलेट बेल्ट नहीं पहनने की अपील की गई है।
DCPU ने पत्र में रखीं चार प्रमुख मांगें
दिलजीत का यह कॉन्सर्ट 'RuPay Aura India Tour' के तहत अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा। जिला बाल संरक्षण अधिकारी वरेश नरेश ने 6 नवंबर को पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत को पत्र भेजा था। इसमें चंडीगढ़ के डॉ. पंडितराव धरेंनावर की ओर से दिए गए आवेदन का हवाला दिया गया है।
शराब और गन कल्चर वाले गानों पर आपत्ति
पत्र में 'पटियाला पेग', '5 तारा ठेके', 'जेब विच्चों फिम लभिया' और 'जट्ट उठे फायर करदा' जैसे गानों पर आपत्ति जताई गई है। आवेदन में आरोप है कि इन गानों का संबंध शराब, अफीम और हथियारों का महिमामंडन से है। गानों के बोल बदलकर गाने पर भी बच्चों और युवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है। DCPU ने कॉन्सर्ट के दौरान 120 डेसिबल से अधिक शोर और तेजी से बदलती रोशनी को छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हुए उन्हें स्टेज पर नहीं बुलाने की मांग की है। साथ गायक द्वारा परफॉर्मेंस के दौरान छाती पर कारतूस या बुलेट बेल्ट पहनने को हिंसा व गन कल्चर को बढ़ावा देने वाला बताया गया है।
हाईकोर्ट के फैसले का दिया हवाला
पत्र में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के फैसले का जिक्र किया गया है। DCPU के मुताबिक, अदालत ने नशे और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गानों के बच्चों पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को लेकर निर्देश दिए थे। पत्र में केंद्र सरकार के 'नशा मुक्त भारत अभियान' का भी हवाला दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर बोले- सरकार से करेंगे चर्चा
इस पूरे मामले पर अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने स्पष्ट किया है कि अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन इस पर विचार जारी है। उन्होंने कहा कि कोई आवेदन करे या न करे, जनहित में जो भी उचित होगा, उस पर सरकार के साथ चर्चा कर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।
