IND vs NZ 4th ODI Match Highlights: विल यंग के शानदार शतक के बाद मैट हेनरी ने स्टार खिलाड़ियों से सजी भारतीय बल्लेबाजी के परखच्चे उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जिससे न्यूजीलैंड ने चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शुक्रवार को यहां 244 रन की रिकॉर्ड जीत हासिल करके श्रृंखला में शानदार वापसी की।
भारत की रनों के लिहाज से यह दूसरी सबसे बड़ी पराजय है। इससे पहले श्रीलंका ने 2000 में शारजाह में उसे 245 रन से हराया था। न्यूजीलैंड की रनों के लिहाज से यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने आयरलैंड को 2008 में एबेरडीन में 290 रन से हराया था।
भारत ने पांच मैच की श्रृंखला के पहले दो मैच जीते थे और इस तरह से वह अब 2-1 से आगे है। श्रृंखला का तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। श्रृंखला का पांचवा और अंतिम मैच रविवार को खेला जाएगा।
यंग ने दो जीवनदान का फायदा उठाकर 108 गेंद पर 125 रन की पारी खेली। उन्हें उनके सलामी जोड़ीदार टिम सीफर्ट (48 गेंद पर 58 रन) और फिन एलन (41) का अच्छा साथ मिला जिससे न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 333 रन बनाए।
89 रन पर ऑल-आउट
इसके जवाब में भारतीय टीम 26.4 ओवर में 89 रन पर ढेर हो गई। यह वनडे में आठवां अवसर है जबकि भारतीय टीम 100 से कम रन पर आउट हो गई। हेनरी ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 27 रन देकर छह विकेट लिए। मैथ्यू फिशर (31 रन देकर तीन विकेट) ने भी अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उनका अच्छा साथ दिया।
विराट, रोहित, अय्यर पहले ही ओवर में जीरो पर आउट
नियमित कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल के बिना खेल रहे भारतीय बल्लेबाजों के पास तेजी से उठती गेंदों का कोई जवाब नहीं था। भारत की शुरुआत भयावह रही जिससे वह उबर नहीं पाया। हेनरी ने पहले ओवर में ही रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर के विकेट लेकर भारतीय खेमे में खलबली मचा दी। तब भारत ने खाता भी नहीं खोला था। यह वनडे में पहला अवसर है जबकि भारत ने खाता खोले बिना तीन विकेट गंवाए। वनडे क्रिकेट में कुल मिलाकर पांचवीं बार ऐसा हुआ है।
रोहित का खराब प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने पारी की पहली गेंद पर पहली स्लिप में आसान कैच दिया। हेनरी ने इसके बाद चौथी गेंद पर कोहली को चकमा देकर बोल्ड किया और अगली गेंद पर अय्यर को एलबीडब्ल्यू आउट किया जिसके लिए न्यूजीलैंड ने डीआरएस का सहारा लिया था।
गिल के टेस्ट श्रृंखला की तैयारी करने के लिए इस मैच में नहीं खेलने के कारण पारी का आगाज करने वाले रुतुराज गायकवाड (05) शुरू से संघर्ष करते हुए नजर आए और उन्होंने जल्द ही काइल जैमीसन की गेंद पर दूसरी स्लिप में कैच दे दिया जिससे भारत का स्कोर चार विकेट पर नौ रन हो गया।
ईशान और अक्षर ने किया संघर्ष
इसके बाद ईशान किशन (27) और अक्षर पटेल (21) ने पांचवें विकेट के लिए 44 रन जोड़कर कुछ देर तक विकेट गिरने का क्रम रोका लेकिन यह साझेदारी टूटने के बाद भारतीय पारी सिमटने में देर नहीं लगी। इन दोनों के अलावा केवल नमन धीर (21) ही दोहरे अंक में पहुंचे। उन्होंने भारत की तरफ से दोनों छक्के लगाए।
न्यूजीलैंड की पारी का हाल
इससे पहले बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर यंग और सीफर्ट ने 12 ओवरों में 85 रन जोड़कर न्यूजीलैंड को शानदार शुरुआत दी। इस साझेदारी में सीफर्ट ने अहम भूमिका निभाई और 41 गेंदों में अपना पहला वनडे अर्धशतक पूरा किया। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को निशाने पर रखा तथा उन पर एक छक्का और दो चौके लगाए। इसके बाद उन्होंने औकिब नबी पर लगातार दो चौके जड़े।
दूसरी तरफ यंग ने धीमी शुरुआत की और उन्हें लगातार दो गेंदों पर जीवनदान मिला। जब वह पांच रन पर थे तब नबी की गेंद पर पहले पहली स्लिप में रोहित शर्मा ने उनका कैच छोड़ दिया जबकि अगली गेंद पर विकेटकीपर ईशान किशन कैच लेने में नाकाम रहे। यंग ने इसका पूरा फायदा उठाया। बराड़ ने सीफर्ट को किशन के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई जिन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। इसके बाद यंग ने आक्रामक रवैया अपनाया।
भारतीय गेंदबाजों में अक्षर पटेल ने प्रभावित किया। उन्होंने शानदार लाइन पर गेंदबाजी करते हुए 10 ओवरों में सिर्फ 39 रन दिए तथा निक केली और फिन एलन के विकेट लिये। लेकिन अन्य दो स्पिनरों कुलदीप यादव (आठ ओवर में 73 रन) और नमन धीर (चार ओवर में 29 रन देकर एक विकेट) ने जमकर रन लुटाए।
कुलदीप ने कभी-कभार गेंद को स्पिन कराया लेकिन ज्यादातर समय उनकी गेंदबाजी सपाट दिखी और एलन ने उन पर दो चौके और एक छक्का लगाया। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर ने लगभग हर ओवर में नौ से अधिक रन दिए। यंग ने बराड़ और कुलदीप की गेंदों पर एक-एक छक्का जड़ा। स्पिनरों के खिलाफ पैरों का सटीक इस्तेमाल यंग की पारी की विशेषता रही, जिसका सबूत कुलदीप की गेंद पर कवर के ऊपर लगाया गया छक्का था। उस समय न्यूजीलैंड 350 से अधिक का स्कोर बनाने की स्थिति में दिख रहा था।
लेकिन यंग तब आउट हो गए जब उन्होंने धीर की गेंद पर सीधा शॉट खेला और डीप में स्थानापन्न खिलाड़ी कुमार कुशाग्र को कैच दे दिया। यंग ने अपनी पारी में 14 चौके और चार छक्के लगाए। न्यूजीलैंड ने अंतिम 10 ओवरों में केवल 68 रन बनाए। कप्तान मिचेल सैंटनर की 24 रन की पारी की बदौलत न्यूजीलैंड 300 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहा।
