शहर

Rajasthan Weather Update: आज 11 जिलों में बारिश का अलर्ट, पश्चिमी राजस्थान में रहेगा सूखा

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में गुरुवार को 11 जिलों में बारिश का अलर्ट है। उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मानसून एक्टिव रहेगा, जबकि पश्चिमी राजस्थान में अगले एक हफ्ते तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Image

राजस्थान के उत्तर-पूर्वी हिस्से में बारिश के आसार

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून (Monsoon) की गतिविधियों में एक बार फिर क्षेत्रीय बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार 20 अगस्त को राज्य के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं, जबकि पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में अगले एक हफ्ते तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। बारिश का यह दौर अगले दो दिन भी जारी रह सकता है।

यहां बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया में बदल गया है। इससे जुड़ा मौसम तंत्र उत्तर-पूर्वी राजस्थान के आसपास बना हुआ है। इसके चलते आज भरतपुर, जयपुर और आसपास के इलाकों में मौसम बदल सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कहीं-कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। रविवार 23 अगस्त तक जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पश्चिमी राजस्थान में मानसून कमजोर

पश्चिमी राजस्थान में फिलहाल मानसून की गतिविधियां कमजोर ही रहने की संभावना है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर हिस्सों में अगले एक हफ्ते तक मौसम मुख्य रूप से ड्राई रह सकता है। हालांकि, 21 से 23 अगस्त के दौरान बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों के साथ श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। ऐसे में पश्चिमी राजस्थान के उत्तरी इलाकों में स्थानीय स्तर पर बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटे में बांसवाड़ा में हुई बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान बांसवाड़ा में लगभघ 1 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा खैरथल-तिजारा, बारां, कोटा, प्रतापगढ़ और सलूंबर में भी हल्की बारिश हुई। जयपुर में बुधवार 19 अगस्त को दिनभर तेज धूप खिली रही। राजधानी में अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में बारिश की भी संभावना है।

श्रीगंगानगर सबसे गर्म, माउंट आबू ठंडा

बुधवार को तापमान में भी बड़ा अंतर देखने को मिला। श्रीगंगानगर 39.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा। जैसलमेर में 36.9, पिलानी में 36.5, चूरू में 36.4, संगरिया में 36.3 और बीकानेर में 35.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं, माउंट आबू में तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा और यह राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा।

कोटा में बादलों की आवाजाही के बीच अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जोधपुर में 33.3 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। सीकर और अजमेर में भी बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। दोनों शहरों में उमस और गर्मी का असर बना रहा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article