उत्तर प्रदेश में सुल्तापुर जिले के धनपतगंज थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे (Purvanchal Expressway) पर आज एक बड़ा हादसा हो गया। आज यानी मंगलवार 28 अप्रैस को यहां एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही वहां चीख-पुकार मच गई। तुरंत राहत और बचाव कार्य चलाया गया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस-प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
एक बच्ची की हालत गंभीर
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 108 पर लुधियाना से आजमगढ़ जा रही निजी बस अनियंत्रित हो गई। इस हादसे में दो दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में घायल हुई एक बच्ची की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
डीएम-एसपी ने लिया घायलों का हाल
जिस घायल बच्ची की हालत गंभीर बतायी जा रही है, उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर लखनऊ (Lucknow) रेफर किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सुल्तानपुर के जिलाधिकारी (DM) इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक (SP) चारू निगम मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डाक्टरों को घायलों को बेहतर उपचार देने के निर्देश दिए।
पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार बस की तेज रफ्तार और ड्राइवर को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन ने जांच के बाद पूरी रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।
