बिजनेस

Anthropic के शेयर बाजार में लिस्ट होते ही करोड़पति बने 5100 एम्प्लोयी, 2800 की दौलत ₹100 करोड़ पार

AI चैटबोट क्लॉड को बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्ट हो गई है। कंपनी ने दुनिया के सबसे बड़े आईपीओ के तहत 107 अरब डॉलर जुटाए। जिससे कंपनी का वैल्युएशन 1.76 ट्रिलियन डॉलर पार हो गया है।

Image

जूनियर लेवल के कर्मचारी भी बने करोड़पति

Anthropic IPO Listing : एंथ्रोपिक के आईपीओ को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि कंपनी की लिस्टिंग की वजह से इसके 7 को-फाउंडर्स रातों-रात अरबपति बन गए हैं। लेकिन, वेल्थ क्रिएशन की ये कहानी यहीं खत्म नहीं होती है। बल्कि, को-फाउंडर्स से शुरू होकर कंपनी के सबसे निचले स्तर तक के कर्मचारी तक पहुंचती है।

दमदार लिस्टिंग और शानदार वैल्यूएशन की वजह से कंपनी के हजारों कर्मचारी भी रातों-रात करोड़पति बन गए हैं।

5100 कर्मचारी बने करोड़पति

CNN की एक रिपोर्ट में प्राइवेट शेयर मार्केटप्लेस Hill के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि Anthropic के कुल 5,300 कर्मचारियों में से लगभग 5,100 के पास 1 मिलियन डॉलर से ज्यादा की इक्विटी है। यानी कंपनी के करीब 96% कर्मचारियों की शेयरहोल्डिंग की वैल्यू करीब 1 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गई है। इनमें से करीब 2,800 कर्मचारियों की इक्विटी 10 मिलियन डॉलर से ज्यादा यानी करीब 100 करोड़ के आसपास और लगभग 600 कर्मचारियों की इक्विटी 100 मिलियन डॉलर यानी 1000 करोड़ के आसपास है। जबकि, 7 को-फाउंटर की दौलत 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा यानी 10000 करोड़ रुपये से ज्यादा है।

पहले ही दिन 17% से ज्यादा चढ़ा शेयर

आईपीओ के तहत इश्यू प्राइस प्रति शेयर 83.00 डॉलर तय किया गया था। इसके मुकाबले 34.3% के प्रीमियम के साथ 111.50 डॉलर लिस्टिंग हुई। इंट्राडे उतार-चढ़ाव के दौरान शेयर 115.10 डॉलर (लगभग 38.7% ऊपर) के हाई और 92.72 डॉलर के लो तक फिसला। दिन के आखिर में 17.07% की बढ़त के साथ 97.17 डॉलर पर बंद हुए। इस तरह कंपनी की फुली डाइल्यूटेड मार्केट वैल्यू करीब 1.76 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई।

जूनियर कर्मचारियों की भी चमकी किस्मत

इस IPO की सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसका फायदा सिर्फ कंपनी के बड़े अधिकारियों और AI इंजीनियरों को नहीं मिला है। कंपनी में शुरुआती दौर में काम करने वाले एडमिनिस्ट्रेटिव और सपोर्ट स्टाफ को भी इसका बड़ा फायदा मिला। दरअसल, Anthropic ने कर्मचारियों को सैलरी के अलावा स्टॉक ऑप्शन भी दिए थे। मई 2024 में एक एडमिनिस्ट्रेटिव बिजनेस पार्टनर की नौकरी के लिए कंपनी ने 1.40 लाख से 1.90 लाख डॉलर सालाना सैलरी के साथ इक्विटी कंपनसेशन देने की पेशकश की थी। यानी कंपनी में AI रिसर्च या सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग से जुड़े नहीं होने के बावजूद कर्मचारी शेयरों के जरिए बड़ी दौलत बना सकते थे।

52 सेंट के शेयर अब 97 डॉलर के पार

कर्मचारियों के लिए सबसे बड़ा फायदा शुरुआती दौर में मिले स्टॉक ऑप्शन से हुआ। स्टॉक ऑप्शन के तहत कर्मचारियों को पहले से तय कीमत पर कंपनी के शेयर खरीदने का अधिकार मिलता है। इस कीमत को एक्सरसाइज प्राइस कहते हैं। Anthropic में 2023 तक दिए गए और उस साल के अंत में बकाया ऑप्शन का औसत एक्सरसाइज प्राइस महज 0.52 डॉलर प्रति शेयर था। यानी 10,000 ऐसे ऑप्शन रखने वाले कर्मचारी के लिए 97.17 डॉलर के क्लोजिंग प्राइस पर ग्रॉस इंट्रिंसिक वैल्यू करीब 9.66 लाख डॉलर बैठ सकती है। इसमें शेयर खरीदने की लागत और टैक्स शामिल नहीं हैं।

क्या तुरंत बेचकर निकाल पाएंगे एम्प्लोयी?

कर्मचारियों की इक्विटी की वैल्यू करोड़ों डॉलर पहुंचने का मतलब यह नहीं है कि उनके बैंक अकाउंट में इतनी रकम आ गई है। शेयरों की वास्तविक कमाई इस बात पर निर्भर करेगी कि कितने शेयर वेस्ट हुए हैं, उन्हें खरीदने की लागत कितनी है, कितना टैक्स देना होगा और वे कब शेयर बेच पाएंगे। Anthropic के गैर-संस्थापक कर्मचारी पहले कारोबारी दिन अपनी शेयर होल्डिंग का अधिकतम 10% बेच सकते हैं। इसके अलावा वित्त वर्ष 2026 की कमाई आने के बाद उन्हें 35% अतिरिक्त होल्डिंग बेचने की अनुमति होगी। यानी बड़ी दौलत बनने के बावजूद पूरी रकम तुरंत निकालना संभव नहीं है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article