शहर

Delhi Amritsar Katra Expressway पर 90KMPH की रफ्तार से फर्राटा मार रही गाड़ियां, देखें Experience Video

आपको भी दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के खुलने का इंतजार होगा, क्या आप जानते हैं कि इसका कुछ हिस्सा खुल चुका है। इस हिस्से पर ड्राइविंग का Video हम आपके लिए लेकर आए हैं। आप भी अनुभव करें सफर का मजा -

Image

दिल्ली अमृतसर कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा सेक्शन पर ट्रैफिक चालू है

Delhi Amritsar Katra Expressway: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 14 अप्रैल 2026 को हो चुका है। अब 29 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने जा रहे हैं। इसी तरह अब सभी को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के साथ ही दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन का इंतजार है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को कई चरणों में आम जनता के लिए खोला जा चुका है, जिस पर उम्मीद है आपने भी खूब फर्राटे मारे होंगे। इसी तरह दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक हिस्से को भी आम ट्रैफिक के लिए खोला जा चुका है। अगर आपने अभी तक इस पर सफर नहीं किया है तो हम आपके लिए लेकर आए हैं, एक्सप्रेसवे के इस हिस्से पर सफर का एक्सपीरियंस वीडियो। चलिए देखते हैं और जानते हैं दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे की खूबियां -

667 किमी लंबा एक्सप्रेसवे

बता दें कि Delhi Amritsar Katra Expressway की कुल लंबाई 667 किमी है और इस 4 लेन के एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे को भविष्य में 8 लेन तक बढ़ाया जा सकता है। यह एक्सप्रेसवे देश की राजधानी दिल्ली को हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों से जोड़ते हुए अमृतसर और कटरा से जोड़ेगा।

14 से 6 घंटे रह जाएगा दिल्ली-कटरा का सफर

एक बार यह एक्सप्रेसवे पूरी तरह से बनकर तैयार हो गया तो दिल्ली से कटरा के बीच की दूरी मात्र 6 घंटे में तय हो जाएगी। जबकि अभी इस सफर में 14 घंटे तक का समय लग जाता है। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के पास बहादुरगढ़ से शुरू होता है और जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी (Mata Vaishno Devi) के शहर कटरा तक जाता है। इस एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा नकोदर, गुरदासपुर होते हुए अमृतसर तक जाएगा। इस एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके भविष्य में आप सिर्फ 4 घंटे का सफर करके स्वर्ण मंदिर (Golden Temple) गुरुद्वारा तक पहुंच जाएंगे।

नितिन गडकरी ने दी थी जानकारी

हाल ही में केंद्रीय सड़क सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के बारे में संसद में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि इस एक्सप्रेसवे को चरणबद्ध तरीके से मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नितिन गडकरी ने बताया था कि परियोजना के कुछ हिस्सों में काम धीमा होने और ठेकेदारों की समस्याओं के कारण कई कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने पड़े हैं।

Delhi Katra Expressway Experience video

दिल्ली अमतसर कटरा एक्सप्रेसवे साल 2028 तक पूरी तरह से बनकर तैयार होगा

यहां बढ़ाई गई काम पूरा होने की डेडलाइन

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया था कि कुछ हिस्सों की डेडलाइन बढ़ाई गई है। इसमें अमृतसर स्पर सेक्शन I (16.9 किमी) का काम पहले अप्रैल 2026 तक पूरा होना था, अब इसकी नई डेडलाइन मार्च 2028 की गई है। अमृतसर स्पर सेक्शन III (28.07 किमी) का काम पूरा होने की डेडलाइन भी अक्टूबर 2024 से बढ़ाकर फरवरी 2027 की गई है। मुख्य कॉरिडोर के सेक्शन XV (35.15 किमी) का निर्माण कार्य सितंबर 2024 की जगह अब अक्टूबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है।

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के ये हिस्से तैयार

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों का काम पूरा हो चुका है। इसमें हरियाणा में सेक्शन I, II, III और IV का निर्माण कार्य दिसंबर 2023 से जनवरी 2024 के बीच पूरा हो चुका है। इसके अलावा पंजाब में सेक्शन VI (30.91 किमी) भी तैयार हो चुका है।

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे पर ड्राइविंग का एक्सपीरियंस वीडियो

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा सेक्शन का काम पूरा हो चुका है और इसे ट्रैफिक के लिए खोला भी जा चुका है। इंफ्रा व्लॉगर मोहित कुमार ने हाल ही में इस सेक्शन पर कार चलाने का अनुभव लिया। उनके सोशल मीडिया हैंडल x.com/DetoxTravellerr/ पर ये वीडियो उपलब्ध है, जिसे आपमने ऊपर देखा। मोहित के अनुसार इस हिस्से पर कार चलाने का अनुभव शानदार था। उन्होंने इस वीडियो में बताया कि उन्होंने बिना थके 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से कार चलाई। वह अपने इस वीडियो में दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे को 10 में से 9.5 स्टार देते हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article