Bangladesh Violence News: बांग्लादेश में गुरुवार को नए सिरे से हिंसा भड़क उठी। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के समर्थकों ने कारोबार और सार्वजनिक परिवहन ठप करने की कोशिश की, जिसका असर मिला-जुला रहा। इसी बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अशांति के लिए परोक्ष रूप से भारत को जिम्मेदार ठहराया है। प्रतिबंधित अवामी लीग ने गुरुवार को देशव्यापी लॉकडाउन का आह्वान किया था। यह हसीना को नया पासपोर्ट देने से सरकार के इनकार के विरोध में चल रहे एक हफ्ते के प्रदर्शनों और रैलियों का आखिरी चरण था। बंद का असर ज्यादातर दक्षिणी जिलों में दिखा, जहां पार्टी की पकड़ सबसे मजबूत मानी जाती है।
आगजनी और बम धमाके
समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस के अनुसार बुधवार रात सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के दो सदस्यों की हत्या कर दी गई। हसीना के गृह जिले गोपालगंज में बीएनपी के दो सांसदों के घरों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी गई। गोपालगंज शहर में बाजारों और दुकानों पर भी हमले हुए। कम से कम छह बसों और पिकअप वैनों को आग के हवाले किया गया, रेल पटरी के एक हिस्से को भी नुकसान पहुंचा, और छह जिलों में देसी बम धमाकों की खबरें आईं। ढाका-चटगांव हाईवे पर एक बस और ट्रक में आग लगाई गई, हालांकि बस के यात्री सुरक्षित निकल आए। हिंसा रोकने के लिए अर्धसैनिक बल बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की 97 प्लाटून सात जिलों में तैनात की गई हैं, जिनमें गोपालगंज और फरीदपुर शामिल हैं।उधर, वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर कपड़ा मजदूरों का अलग प्रदर्शन भी जारी रहा। सैकड़ों मजदूरों ने ढाका जाने वाला एक हाईवे रोक दिया, जिससे कारखाने बंद करने पड़े।
तारिक रहमान का बयान
उत्तरी जिले लालमोनिरहाट में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में रहमान ने कहा कि अवामी लीग नेताओं ने बांग्लादेश और उसकी जनता के हितों की परवाह नहीं की। उन्होंने कहा, 'जिस सीमा पार के देश में वे भागकर गए हैं, वही उनका आका है। उन आकाओं को खुश करने के लिए वे फिर बांग्लादेश और उसकी जनता के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।' तारिक ने हालांकि भारत का नाम नहीं लिया। भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। सरकार ने विदेश में बैठे अवामी लीग नेताओं पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की बात कही है। पार्टी के ज्यादातर नेता छिपे हुए हैं और उनसे संपर्क नहीं हो सका।हसीना की वापसी की कोशिश
अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता छोड़कर भारत भागीं हसीना वहीं निर्वासन में रह रही हैं। उन्होंने दिसंबर में लौटने की योजना बताई है, जिसके बाद तनाव बढ़ा है। इसी सिलसिले में उनके वकील स्टीवन पॉवल्स केसी ने, जो लंदन की मैट्रिक्स चैम्बर्स से जुड़े हैं, 19 नवंबर को ढाका के उच्चायोग को दूसरा पत्र लिखा। इसमें 9 नवंबर को दिए गए आवेदन की स्थिति पूछी गई और हसीना के हस्ताक्षर वाला प्राधिकार पत्र भी संलग्न किया गया। इसमें उन्हें भारत में रह रही बांग्लादेशी नागरिक बताया गया है। ढाका पहले ही यह मांग ठुकरा चुका है। राज्य मंत्री (विदेश) हुमायूं कबीर ने कहा था कि बांग्लादेश किसी 'आतंकवादी' या 'भगोड़े अपराधी' को पासपोर्ट नहीं देता। उन्होंने भारत से संधि के तहत हसीना के प्रत्यर्पण की मांग दोहराई।क्यों अहम है यह संकट
17.5 करोड़ आबादी वाला यह मुस्लिम बहुल देश चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गारमेंट निर्यातक है। इस साल फरवरी के चुनावों के बाद रहमान की सरकार बनने से जो नाज़ुक स्थिरता आई थी, उसे ताजा अशांति से खतरा है। यूनुस सरकार के दौर में भारत-बांग्लादेश रिश्ते काफी बिगड़े थे और रहमान के आने के बाद कुछ सुधरे हैं, पर हसीना की भारत में मौजूदगी अब भी बड़ी रुकावट बनी हुई है।
