शहर

पंजाब में बजा चुनावी बिगुल; 26 मई को 105 नगर निकायों में मतदान, राजनीतिक हलचल तेज

पंजाब में नगर निकाय चुनावों को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने 26 मई को आठ नगर निगमों समेत 105 स्थानीय निकायों में मतदान कराने का ऐलान किया है, जबकि मतगणना 29 मई को होगी। चुनावी तारीखों की घोषणा के बाद राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

Image

पंजाब के 105 नगर निकायों के लिए मतदान 26 मई को

Punjab Nagar Nikay Chunav: पंजाब में आठ नगर निगमों समेत 105 स्थानीय निकायों के लिए मतदान 26 मई को होगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजकमल चौधरी ने सोमवार को यह घोषणा की। जानकारी के मुताबिक इस चुनाव की मतगणना 29 मई को होगी। राजकमल चौधरी ने मीडिया को चुनावों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ये चुनाव मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट स्थित आठ नगर निगमों में होंगे।

76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के लिए चुनाव

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजकमल चौधरी ने बताया कि इसके अलावा 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के लिए चुनाव होंगे, जिससे 105 नगर निकायों के अंतर्गत कुल 2,019 वार्ड में मतदान होगा। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। चौधरी ने बताया कि इन नगर निकायों के लिए 36,72,932 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 17,73,716 महिलाएं हैं।

सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा मतदान

बताया जा रहा है कि मतदान 3,977 केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। चौधरी ने बताया कि नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 13 मई से शुरू होगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 मई है। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 18 मई को होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 19 मई है। उन्होंने कहा कि चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजाब पुलिस के 35 हजार से अधिक कर्मियों को तैनात किया जायेगा।

उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल

पंजाब में नगर निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणी अकाली दल ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभिन्न दलों से टिकट पाने के लिए संभावित उम्मीदवारों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ती दिखाई दे रही है। इसी बीच होशियारपुर नगर निगम चुनाव को लेकर राज्य चुनाव आयोग ने फिलहाल मतदान न कराने का निर्णय लिया है। आयोग ने मतदाता सूची में सामने आई आपत्तियों को गंभीरता से लेते हुए वोटर लिस्ट को दोबारा तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, चुनाव तारीखों की घोषणा के बाद चुनावी तैयारी में जुटे उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!