शहर

पंजाब : जमीन के टुकड़े के लिए ट्रिपल मर्डर, चाची-भतीजे और फौजी दोस्त को मारी गोली; हत्यारे ने खुद को उड़ाया

पंजाब के गुरदासपुर में जमीन के विवाद में शख्स ने अपनी चाची, चचेरे भाई और अपने दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं आरोपी ने खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

गुरदासपुर : पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला क्षेत्र के गांव मुंडी कराल में जमीनी विवाद ने भयावह रूप ले लिया। कथित तौर पर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच एक युवक ने अपनी चाची, चचेरे भाई और अपने दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। इस घटना में एक ही परिवार और उसके करीबी लोगों के चार लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, थाना सेखवां क्षेत्र के गांव मुंडी कराल निवासी मनजोत सिंह का परिवार के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि देर रात विवाद बढ़ने पर उसने घर में रखी बंदूक उठा ली और सबसे पहले अपनी चाची हरजीत कौर को गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने 12 वर्षीय चचेरे भाई अमृतपाल सिंह को भी निशाना बनाया। मासूम की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों के शव घर के भीतर अलग-अलग स्थानों पर मिले।

ट्रिपल मर्डर के बाद आरोपी ने की आत्महत्या

गोलियों की आवाज सुनकर मनजोत का मित्र परगट सिंह मौके पर पहुंचा और उसे रोकने का प्रयास किया। परगट सिंह भारतीय सेना में जवान था। आरोप है कि मनजोत ने उसे भी गोली मार दी। पुलिस को उसका शव घर के बाहर झाड़ियों के पास मिला। तीन लोगों की हत्या के बाद आरोपी घर की रसोई में गया और वहीं खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को घटनास्थल से हथियार भी बरामद हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सेखवां पुलिस, बटाला पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बटाला भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन विवाद को प्रमुख वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article