शहर

अहमदाबाद में बेसमेंट में चल रही थी ड्रग्स फैक्ट्री, गूगल सर्च से सीखा मेफेड्रोन बनाना, NCB ने पकड़ी 130 किलो MD

Ahmedabad NCB Raid: NCB गुजरात के महानिदेशक घनश्याम सोनी ने बताया कि यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंथेटिक ड्रग’ के तहत की गई। NCB अहमदाबाद जोन में इस मामले में केस नंबर 9/26 दर्ज किया गया है। खास खुफिया सूचना मिलने के बाद NCB और सरखेज पुलिस ने मिलकर यह कार्रवाई की।

Image

अहमदाबाद NCB रेड (फोटो साभार- TNN)

Ahmedabad NCB Raid: गुजरात के अहमदाबाद शहर के सरखेज इलाके में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने गुजरात पुलिस के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई की है। इस संयुक्त कार्रवाई में MD ड्रग्स बनाने की कथित गुप्त प्रयोगशाला का खुलासा हुआ है। यह छापेमारी 15 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे ग्यासपुर रोड के पास लब्बैक पार्क स्थित एक मकान के बेसमेंट में की गई। मौके से 130.613 किलो रसायन, 27.55 ग्राम संदिग्ध MD और लैब में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए हैं। इस मामले में मकान मालिक मुदस्सर अहमद खान पठान को हिरासत में लिया गया है। उसके रतलाम कैफे पर भी छापा मारा गया है, जहां शुरुआती जांच में MD मिलने की बात सामने आई है।

NCB गुजरात के महानिदेशक घनश्याम सोनी ने बताया कि यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंथेटिक ड्रग’ के तहत की गई। NCB अहमदाबाद जोन में इस मामले में केस नंबर 9/26 दर्ज किया गया है। खास खुफिया सूचना मिलने के बाद NCB और सरखेज पुलिस ने मिलकर यह कार्रवाई की। सोनी के मुताबिक, मकान के बेसमेंट में MD तैयार करने के लिए लैब जैसा सेटअप बनाया गया था। वहां बड़ी मात्रा में रसायन और प्रयोगशाला से जुड़े उपकरण मिले हैं।

दराज से मिला 27.55 ग्राम संदिग्ध MD

NCB के मुताबिक, मकान की तलाशी के दौरान एक दराज से MD बरामद हुआ। इसमें कांच की शीशी सहित 26.85 ग्राम तरल पदार्थ और 0.70 ग्राम पाउडर शामिल है। दोनों को मिलाकर कुल वजन 27.55 ग्राम बताया गया है। एजेंसी ने साफ किया है कि तरल पदार्थ के वजन में कांच की शीशी का वजन भी जुड़ा हुआ है। इसके अलावा, लैब से कुल 130.613 किलो रसायन और अन्य सामग्री जब्त की गई है। इनमें 86.650 किलो औद्योगिक श्रेणी का मिथाइल डाइक्लोराइड (MDC), 12.920 किलो सल्फर-मुक्त टोल्यून और 9.115 किलो प्रोपियोनाइल क्लोराइड एवं मिथाइल डाइक्लोराइड का मिश्रण शामिल है। इसके साथ एसीटोन, ब्रोमीन, मिथाइलएमाइन, सल्फ्यूरिक एसिड, हाइड्रोक्लोरिक एसिड और हाइड्रोब्रोमिक एसिड समेत अन्य रसायन भी मिले हैं।

बेसमेंट में मिला लैब का पूरा सेटअप

बेसमेंट से हीटिंग मेंटल, डिजिटल मैग्नेटिक स्टिरर, पिपेट, राउंड बॉटम फ्लास्क, ड्रॉपिंग फनल, सेपरेटिंग फनल, बीकर, स्टैंड, स्पीड रेगुलेटर और तापमान मापने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं। DCP जोन-7 शिवम वर्मा ने बताया कि मौके से 20 से ज्यादा तरह के केमिकल और MD बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण मिले हैं। उनके मुताबिक, आरोपी लंबे समय से MD बनाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन उसे पूरी सफलता नहीं मिली थी। वर्मा ने बताया कि आरोपी ने ज्यादातर उपकरण और सामग्री अहमदाबाद से खरीदी थी। कुछ केमिकल रतलाम और अंकलेश्वर से भी खरीदे गए थे।

गूगल पर सर्च की थी MD से जुड़ी जानकारी

DCP शिवम वर्मा के मुताबिक, आरोपी ने गूगल पर MD से जुड़े कई दस्तावेज सर्च करके डाउनलोड किए थे। उसने इन दस्तावेजों में बताई गई अलग-अलग जानकारियों का अध्ययन किया था। पुलिस के अनुसार, उसे एक-दो चरणों में सफलता मिली थी, लेकिन वह पूरी प्रक्रिया को अंजाम देने में सफल नहीं हुआ था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गतिविधि में आरोपी के साथ कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। इसके अलावा, ड्रग्स तैयार करने के बाद उसे बेचने की योजना थी या नहीं और इस कथित नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े थे, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

आरोपी पर सरखेज थाने में पहले से 4 मामले

DCP वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सरखेज पुलिस स्टेशन में पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास और दंगा जैसे गंभीर अपराधों के मामले शामिल हैं। इस मामले में NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

रतलाम कैफे पर भी छापा, मंदसौर कनेक्शन की जांच

NCB के महानिदेशक घनश्याम सोनी ने बताया कि आरोपी का ‘रतलाम कैफे’ नाम से एक कैफे भी है। NCB की टीम ने वहां भी छापा मारा, जहां शुरुआती जांच में MD मिलने की बात सामने आई है। अब कैफे में आने-जाने वाले लोगों और इस मामले में उनकी संभावित भूमिका की जांच की जा रही है। सोनी के मुताबिक, शुरुआती जांच में मध्य प्रदेश के मंदसौर से भी संभावित कनेक्शन सामने आया है। NCB अब मामले के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। इसमें रसायनों के स्रोत, उनकी खरीद और संभावित वितरण नेटवर्क का पता लगाया जाएगा।

NFSU करेगी केमिकल की जांच, ATS की भी ली जाएगी मदद

जब्त रसायनों से कितनी मात्रा में MD तैयार की जा सकती थी और कथित निर्माण प्रक्रिया किस चरण तक पहुंची थी, इसका पता लगाने के लिए नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU), गांधीनगर की मदद ली जा रही है। DCP शिवम वर्मा ने बताया कि मौके पर पंचनामा और जब्त उपकरणों की जांच की प्रक्रिया जारी थी। वहीं, घनश्याम सोनी ने कहा कि मामले की जांच में गुजरात पुलिस के साथ एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और अन्य एजेंसियों की भी मदद ली जाएगी। जांच में आरोपी के संभावित नेटवर्क, दूसरे राज्यों से संपर्क और ड्रग्स के वितरण से जुड़े पहलुओं पर ध्यान दिया जाएगा। NCB ने आम लोगों से मादक पदार्थों से जुड़ी अवैध गतिविधियों की जानकारी MANAS राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 पर देने की अपील की है। सोनी के मुताबिक, लोग हिंदी, गुजराती, मराठी समेत अपनी सुविधानुसार किसी भी भाषा में सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article