शहर

पैसों का था विवाद, ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्सटेबल की बेरहमी से हत्या; पुलिस ने दो को दबोचा

पंजाब के पटियाला में सिविल लाइंस थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद 5-6 लोगों ने हमला किया। मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।

Image

पटियाला में पुलिसकर्मी की चाकू मारकर हत्या

Photo : Times Now Digital

Patiala Crime: पटियाला में कानून व्यवस्था को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक हेड कांस्टेबल की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या मामूली पैसों के विवाद से जुड़ी थी, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) वरुण शर्मा ने सोमवार को यह जानकारी दी।

तेजधार हथियारों से किया गया हमला

मृतक की पहचान हेड कांस्टेबल अमनदीप सिंह के रूप में हुई है, जो नाभा का निवासी था और पटियाला के सिविल लाइंस थाना में तैनात था। SSP के अनुसार, अमनदीप सिंह पर पांच से छह लोगों ने मिलकर हमला किया, जिसमें आरोपियों ने तेजधार हथियारों का इस्तेमाल किया। हमले के दौरान हेड कांस्टेबल को चाकू से दो बार वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद त्वरित पुलिस कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया।

SSP वरुण शर्मा ने बताया, “घटना के तुरंत बाद हमारी ऑपरेशनल टीमों ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। अब तक इस अपराध में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।”

पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद का नतीजा थी। SSP के मुताबिक, विवाद किसी बड़ी रकम को लेकर नहीं था, लेकिन कहासुनी के दौरान आरोपियों ने आपा खो दिया और हेड कांस्टेबल पर जानलेवा हमला कर दिया।

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए SSP शर्मा ने कहा, “यह हमारा अपना आदमी था। यह बहुत दुखद घटना है। आरोपियों के खिलाफ सख्त और उदाहरणीय कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article