शहर

चादर में लिपटी मिली लाश का खत्म हुआ सस्पेंस, कंधे पर शव रखकर 1 किलोमीटर तक पैदल घूमता रहा था कातिल

Ludhiana News: पंजाब के लुधियाना में न्यू शक्ति नगर इलाके में बेडशीट में लिपटी लाश मिलने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। आरोपी ने नशे की हालत में ईंट मार कर हत्या की और शव को 1 किमी कंधे पर ढोया।

Image

न्यू शक्ति नगर इलाके में मिली थी चादर में लिपटी लाश

Photo : Times Now Digital

Ludhiana News: पंजाब के लुधियाना में बेडशीट में लिपटी मिली लाश के सनसनीखेज मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस के मुताबिक एक शख्स ने हत्या करने के बाद लाश को बेडशीट में लपेटा और अपने कंधे पर उठाकर करीब एक किलोमीटर तक चलता रहा। आरोपी का इरादा शव को बुड्डा दरिया में फेंकने का था, लेकिन न्यू शक्ति नगर इलाके तक पहुंचने के बाद वह शव को आगे नहीं ले जा सका।

पुलिस ने जानकारी दी है कि नशे की हालत में हुए विवाद के बाद आरोपी हर्ष कुमार (24) ने ईंट से हमला कर हत्या कर दी थी और शव को ठिकाने लगाने ले जा रहा था लेकिन शव को गली में ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में हर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी टिब्बा रोड की मस्जिद वाली गली का रहने वाला बताया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ भी की, जिसमें उसने कहा कि मृतक ने अपना नाम ऋतिक बताया था। फिलहाल मृतक की पहचान से जुड़ी कोई अन्य जानकारी पुलिस के हाथ नहीं लगी है। पुलिस अब CCTV फुटेज और दूसरे सुरागों की मदद से मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है।

एसीपी इंडस्ट्रियल एरिया-ए इंदरजीत सिंह बोपाराय के मुताबिक, हर्ष कुमार अपने माता-पिता की मौत के बाद लंबे समय से घर में अकेला रह रहा था और नशे का आदी है। कुछ दिन पहले ही उसकी मुलाकात मृतक से हुई थी। पुलिस के अनुसार मृतक भी नशे का आदी बताया जा रहा है। 5 अगस्त को दोनों नशे की हालत में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में हर्ष ने ईंट से युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को बेडशीट में लपेटकर कंधे पर रखा और उसे ठिकाने लगाने के लिए निकल पड़ा। करीब एक किलोमीटर तक शव ले जाने के बाद जब वह उसे आगे नहीं ले जा सका तो न्यू शक्ति नगर की गली में ही शव छोड़कर फरार हो गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अपना मकान किसी व्यक्ति को बेच दिया था और उसे एडवांस रकम भी मिल चुकी थी। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और हत्या के पीछे की पूरी वजह जानने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article