Prayagraj Land Fraud Case: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में माफिया अतीक अहमद के करीबियों पर जमीन धोखाधड़ी के मामले में बड़ा शिकंजा कसा गया है। पूरामुफ्ती थाने में एक ही जमीन को कथित तौर पर तीन अलग-अलग लोगों को बेचने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रसूलपुर मरियाडीह इलाके में फर्जी खतौनी के जरिए 1.1640 हेक्टेयर जमीन का बैनामा कर रकम हड़पने और पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। मामले में पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर तीन अलग-अलग शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
पहली शिकायत में क्या आरोप?
मीरपुर के नेहरू नगर निवासी विवेक सिन्हा ने बताया कि उन्होंने 20 सितंबर 2023 को इस जमीन का बैनामा कराया था। उनका आरोप है कि बार-बार कहने के बावजूद खतौनी में उनका नाम दर्ज नहीं किया गया।जब उन्होंने 5 फरवरी 2026 को खतौनी निकलवाई, तब इस कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
ऋतु कपूर ने भी दर्ज कराई शिकायत
प्रीतम नगर निवासी ऋतु कपूर ने आरोप लगाया कि अबू तैयबा और अब्दुल माजिद ने 20 सितंबर 2023 को उनके पक्ष में इसी जमीन का बैनामा कराया था। खतौनी में नाम दर्ज कराने के नाम पर लगातार टालमटोल की गई। उनका आरोप है कि उनसे 20.09 लाख रुपये लिए गए और जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
10 मई 2024 को उमा देवी के पक्ष में भी बैनामा
कीडगंज निवासी उमा देवी के पक्ष में भी इसी जमीन का 10 मई 2024 को बैनामा कराया गया। रोप है कि जमीन बेचने वाले इन आरोपियों के पास वास्तव में वह जमीन बेचने का कोई अधिकार ही नहीं था। पुलिस ने इन तीनों शिकायतों के आधार पर अबू तैयबा, अब्दुल माजिद, अबू लैश, अहमद शाद और शैहबाज के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
