Jacob Bethell Withdraws From IPL 2027: इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने पुष्टि की है कि वह घुटने की समस्या के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 में हिस्सा नहीं लेंगे। उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के साथ अपने दो साल के जुड़ाव के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का धन्यवाद भी किया।
जेकब बैथल आईपीएल 2027 में नहीं खेलेंगे
बेथेल ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट और वीडियो के जरिए यह जानकारी दी। इसमें उन्होंने अपना पहला IPL अनुभव देने और दो बार खिताब जीतने वाले सीजन का हिस्सा बनाने के लिए RCB का आभार जताया।
बेथेल ने लिखा, "दो शानदार सालों के लिए RCB का धन्यवाद। अपने पहले IPL अनुभव के लिए मुझे इससे बेहतर फ्रेंचाइजी नहीं मिल सकती थी। खेल के कुछ दिग्गजों के साथ ड्रेसिंग रूम और पिच साझा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही, और सबसे बड़ी बात यह है कि मैं दो बार खिताब जीतने वाले सीजन का हिस्सा रहा।"
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने बताया कि वह आगामी IPL सीजन में खेलने के बजाय अपने घुटने की समस्या को ठीक करने पर ध्यान देंगे। गौरतलब है कि IPL 2027 के मिनी-ऑक्शन से पहले, मौजूदा चैंपियन RCB ने बेथेल को रिटेन नहीं किया था।
उन्होंने आगे कहा, "दुर्भाग्य से, मैं इस साल IPL में हिस्सा नहीं ले पाऊंगा और अपने घुटने की समस्या को ठीक करने के लिए पूरी कोशिश करूंगा। RCB के उन सभी फैंस को मेरा प्यार, जिन्होंने भारत में मेरे और टीम के सफर को इतना खास बना दिया। उम्मीद है कि यह कोई आखिरी बार नहीं है और हम जल्द ही फिर मिलेंगे।"
बेथेल ने भारत में अपने और टीम के सफर को खास बनाने के लिए RCB समर्थकों का भी शुक्रिया अदा किया और भविष्य में इस फ्रेंचाइजी में वापसी करने की उम्मीद जताई।
जिन्हें नहीं पता, उन्हें बता दें कि बेथेल के घुटने की सर्जरी होने वाली है, जिस वजह से वह दिसंबर में होने वाले दक्षिण अफ्रीका दौरे से बाहर रहेंगे। बेथेल 2026 के ज्यादातर समय घुटने की समस्या से जूझते रहे हैं। जुलाई में लॉर्ड्स के मैदान पर भारत के खिलाफ एक वनडे मैच में 91 रनों की शानदार पारी खेलने के बाद से, यह बाएं हाथ का बल्लेबाज इंग्लैंड के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं खेला है।
23 वर्षीय बेथेल को ऑस्ट्रेलिया में चल रही इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए टीम से जुड़ना था, और इसके बाद उन्हें दिसंबर में शुरू होने वाले दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भी जाना था। लेकिन अब वह इन दोनों सीरीज से बाहर हो गए हैं, क्योंकि उन्हें अपने दाहिने घुटने की एक और सर्जरी करानी है।
