Mumbra MD Drugs Case: ठाणे पुलिस की मुंब्रा यूनिट ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। मुंब्रा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का मेफेड्रोन (MD) ड्रग्स जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन तंजानिया और एक नाइजीरिया का नागरिक शामिल है। पुलिस जांच में सामने आया है कि चारों का वीजा और पासपोर्ट एक्सपायर हो चुका था और वे अवैध रूप से भारत में रह रहे थे।
मुंब्रा में 1.5 करोड़ का MD ड्रग्स जब्त
पुलिस के मुताबिक, ठाणे पुलिस आयुक्त के आदेश पर पूरे शहर में ड्रग्स के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुंब्रा पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ विदेशी नागरिक MD ड्रग्स की तस्करी कर रहे हैं। सूचना को पुख्ता करने के बाद पुलिस ने जाल बिछाया और छापेमारी कर चारों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 करोड़ 50 लाख 27 हजार 900 रुपये कीमत का मेफेड्रोन, ड्रग्स बेचने में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक वजनकांटा और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- करवा चौथ पर Swiggy की बड़ी लापरवाही! वेज की जगह नॉनवेज बर्गर डिलीवर
क्या मुंबई में एक्टिव है ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री?
पुलिस अब इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश में है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में ड्रग्स सप्लाई चेन, खरीदारों और मुंबई-ठाणे में फैले नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या इस ड्रग्स को बनाने वाली कोई फैक्ट्री आसपास सक्रिय है। मुंब्रा पुलिस ने बताया कि इस साल अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 32 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं, जबकि 650 से ज्यादा नशा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। डीसीपी जोन-1 बालासाहेब पाटिल ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई सिर्फ पुलिस की नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि नशामुक्त समाज बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करें और कहीं भी ड्रग्स से जुड़ी गतिविधि दिखे तो तुरंत सूचना दें।
