PM Siwan Rally: 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिवान के जसौली गांव में आ रहे हैं। जहां वे विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस कार्यक्रम के लिए पांच शेड लगाए गए हैं, जिनमें से हर एक में लगभग 60 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। सभा स्थल छपरा-सिवान मुख्यमार्ग पर एनएच 531 के किनारे पचरुखी बाईपास के पास स्थित है।
टेंट और पंडाल लगाने का कार्य अंतिम चरण में है, और पीएचडी विभाग द्वारा बोरिंग का कार्य पूरा हो चुका है। कार्यक्रम स्थल पर 200 बायो टॉयलेट लगाने की प्रक्रिया भी जारी है। सभा स्थल का दायरा एनएच 531 से पश्चिम जसौली खरग से जुड़िहाता जाने वाली ग्रामीण सड़क के बीच होगा, जहां मंच ग्रामीण सड़क से लगभग 100 मीटर अंदर होगा। पीएम का हेलीपैड मंच के पीछे पश्चिम दिशा में लगभग 250 मीटर की दूरी पर बन रहा है, जबकि सीएम का हेलीपैड पीएम के हेलीपैड से 400 मीटर उत्तर दिशा में होगा। सभी सड़कों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जिसमें बड़ी वाहनों के लिए पार्किंग सभा स्थल से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर होगी। वीआईपी वाहनों के लिए पार्किंग सभा स्थल से 500 मीटर की दूरी पर होगी। कुल मिलाकर, 20 जगहों को पार्किंग के लिए चिन्हित किया गया है, जिसमें विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
