पुणे में MPSC की तैयारी कर रहे एक अभ्यर्थी ने आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पुणे में महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 28 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। माना जा रहा है कि इसकी वजह लगभग 2.5 लाख रुपये का कर्ज था। पुलिस उपायुक्त (DCP) ऋषिकेश रावले ने बताया कि मृतक की पहचान प्रथमेश देशमुख के तौर पर हुई है।
वह परंडा का रहने वाला था और MPSC परीक्षाओं की तैयारी के दौरान नवी पेठ इलाके में एक किराए के मकान में रह रहा था।उन्होंने बताया कि सुबह वह अपने घर के एक कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला, जिसके बाद कुछ निवासियों ने पुलिस को सूचना दी।
18-19 लोगों का ब्योरा, जिनसे उसने पैसे उधार लिए थे
रावले ने कहा कि देशमुख ने दो पन्नों का एक नोट छोड़ा है, जिसमें उन 18-19 लोगों का ब्योरा है जिनसे उसने पैसे उधार लिए थे और जो रकम उसने चुका दी थी।उन्होंने कहा कि पुलिस उसके परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने पैसे क्यों उधार लिए थे, और मामले की जांच की जा रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मुंबई के नूर अस्पताल से दिल दहला देने वाली खबर; 80 साल के बुजुर्ग ने 5वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या
'आत्महत्या का सही समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पता चलेगा'
DCP ने कहा कि आत्महत्या का सही समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पता चलेगा। गौरतलब है कि मुंबई क्राइम ब्रांच मार्च में आयोजित MPSC ड्रग इंस्पेक्टर (ग्रुप-B) स्क्रीनिंग परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच कर रही है।
MPSC के उम्मीदवारों ने पुणे समेत राज्य के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया था
हाल ही में MPSC के उम्मीदवारों ने पुणे समेत राज्य के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया था। वे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और विभिन्न परीक्षाओं में कथित पेपर लीक व अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। एक अधिकारी ने पहले बताया था कि राज्य सरकार ने पूरी परीक्षा प्रक्रिया में ज़रूरी सुधारों का सुझाव देने के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया है।
