पटना

अपराधियों के हौसले बुलंद, पटना में फिर हुआ मर्डर; स्कूल संचालक को बीच रोड पर मारी गोली

राजधानी पटना से एक और हत्या की खबर सामने आई है। पटना के खगौल थाना क्षेत्र में कुछ बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर एक स्कूल संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस इस मामले की हर संभव एंगल से जांच कर रही है।

Image

घटनास्थल की जांच करते पुलिस अधिकारी

Photo : Times Now Digital

Patna Murder: राजधानी में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए। गोपाल खेमका हत्याकांड की गुत्थी अभी सुलझ भी नहीं पाई थी कि सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए। रविवार देर रात खगौल थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर में एक स्कूल संचालक की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लेखानगर निवासी अजीत कुमार यादव के रूप में हुई है, जो खगौल के पास स्थित एक निजी स्कूल के संचालक थे।

पहले से घात लगाए बैठे थे हमलावर

पुलिस के अनुसार, अजीत यादव रोज की तरह स्कूटी से घर लौट रहे थे जब अपराधियों ने पहले से घात लगाकर उन पर हमला किया। जैसे ही वे खगौल के पास पहुंचे, बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके की जांच की और आसपास लगे CCTV फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस संभावित हत्या के कारणों की तफ्तीश में जुटी है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि अजीत यादव का एक महिला के साथ लंबे समय से लिव-इन रिलेशन था, जिससे उनके दो बच्चे भी हैं। पुलिस पारिवारिक विवाद, निजी रंजिश और अवैध संबंध जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना ने एक बार फिर राजधानी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब हाल ही में हुए व्यवसायी गोपाल खेमका के मर्डर की छानबीन अभी चल ही रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article