पटना

Bihar Election Result: बिहार ने कर लिया तय, 25 से 30 फिर से नीतीश; तेजस्वी के तारे जमीन पर

Tejashwi Vs Nitish Kumar (तेजस्वी बनाम नीतीश कुमार) Bihar Election 2025 Results Updates: बिहार विधानसभा चुनाव में जिस तरह से NDA को प्रचंड बहुमत मिलता दिख रहा है, उससे यह तो साफ हो गया है कि बिहार के सबसे बड़े नेता नीतीश कुमार हैं। इसके साथ ही यह भी साबित हो गया कि महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव को अभी और मेहनत करने की जरूरत है।

Image

बिहार चुनाव में NDA को प्रचंड बहुमत, तेजस्वी की RJD सबसे बुरे दौर में

Tejashwi Vs Nitish Kumar, Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आज यानी शुक्रवार 14 नवंबर को घोषित हो रहे हैं। सुबह मतगणना शुरू होने के साथ ही NDA को तेजी से बढ़त मिलनी शुरू हुई और सत्तारूढ़ गठबंधन कुल 243 सीटों में से 200 के आंकड़े के पास तक पहुंच गया। इससे साफ है कि '25 से 30, फिर से नीतीश' और 'फिर से नीतीशे कुमार' जैसे नारे बिहार की जनता को भा गए। चुनाव के जो नतीजे सामने आ रहे हैं, उससे साफ है कि नीतीश कुमार ने अपनी सुशासन बाबू की छवि को न सिर्फ बरकरार रखा है, बल्कि उसे और भी उजला किया है।

बिहार में NDA के तीन प्रमुख घटक दल हैं। इनमें 101 सीटों पर चुनाव लड़ी भाजपा अकेले ही 87 सीटों पर जीत की ओर आगे बढ़ रही है, जबकि 101 सीटों पर चुनाव लड़ी नीतीश कुमार की पार्टी JDU भी 79 सीटों पर लगातार बढ़त बनाए हुए है। उधर चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 28 सीटों पर चुनाव लड़ा और 21 सीटों पर जीत की ओर आगे बढ़ रहे हैं। इस तरह से NDA अपने सभी सहयोगियों के साथ लगातार 190 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

इस चुनाव ने नीतीश को एक बार फिर बिहार का सबसे बड़ा नेता साबित कर दिया है। इसके साथ ही यह भी साफ हो गया है कि उनकी योजनाएं बिहार की युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और हर वर्ग को पसंद आयी हैं। दूसरी तरफ महागठबंधन में आज मायूसी छायी हुई है।

महागठबंधन ने RJD नेता और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया। RJD ने 140 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन दोपहर 1.03 बजे तक उनकी पार्टी सिर्फ 31 सीटों पर बढ़त बना पायी है। उधर महागठबंधन में उनकी सहयोगी कांग्रेस पार्टी ने 60 सीटों पर चुनाव लड़ा और उसे महज 4 सीटों पर ही बढ़त हासिल है। वाम दलों को 6 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है। जबकि महागठबंधन की सरकार बनने पर उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पेश किए गए मुकेश सहनी की पार्टी एक भी सीट जीतती हुई नहीं दिख रही है।

महागठबंधन की हार की समीक्षा करें तो साफ नजर आता है कि विपक्षी गठबंधन ने बिहार के मुद्दों पर चुनाव नहीं लड़ा। उन्होंने वोट चोरी के मुद्दे (जो कि बिहार में मुद्दा था ही नहीं) को कुछ ज्यादा ही बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया। इसके अलावा तेजस्वी यादव ने हर घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने का वादा किया, लेकिन जनता को उनके इस दावे में कोई दम नजर नहीं आया।

उधर सत्तारूढ़ NDA गठबंधन ने तेजस्वी यादव के माता-पिता राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव के शासन काल को 'जंगलराज' की संज्ञा देकर जनता को वह समय फिर से याद दिलाया। सत्तारूढ़ गठबंधन का दिखाया जंगलराज का डर जनता के बीच काम कर गया, जबकि RJD जंगलराज के मुद्दे की काट नहीं ढूंढ़ पाई। इस तरह से नीतीश कुमार और NDA को बिहार में ऐतिहासिक बहुमत मिलता हुआ दिख रहा है, जबकि महागठबंधन अपनी ऐतिहासिक हार की तरफ आगे बढ़ रहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article