शहर

MP: सागर में जहरीली शराब कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 हजार का इनामी आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार

सागर पुलिस ने बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी और 30 हजार रुपये के इनामी मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। इस दौरान आरोपी और उसका साथी आशीष साहू घायल हुए हैं।

Image

बंडा जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Sagar Police Encounter: मध्य प्रदेश के सागर जिले में बंडा में हुए बहुचर्चित जहरीली शराब कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और 30,000 रुपये के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में मनीष के पैर में गोली लगी। उसका साथी आशीष साहू भी घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार, बंडा और विनायका थाना क्षेत्रों में दर्ज जहरीली शराब प्रकरण के बाद से ही मनीष लोधी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान बुधवार तड़के करीब 3 बजे मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी के पास मनीष और उसके साथी की पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ हुई।

पुलिस पर फायरिंग का आरोप

पुलिस का कहना है कि मनीष लोधी और आशीष साहू ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। इस दौरान मनीष के पैर में गोली लगने से वह घायल होकर गिर गया। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए भाग रहा उसका साथी आशीष साहू भी घायल हो गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार चल रहा है।

दो देशी कट्टे और पांच कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टे, पांच राउंड/कारतूस और एक बेसबॉल डंडा बरामद हुआ है। पुलिस टीम ने मौके से हथियार और अन्य सबूत भी जुटाए हैं। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना की विस्तृत जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article