Ghaziabad Traffic Advisory: गाजियाबाद में मुरादनगर गंगनहर पर गणेश मूर्ति विसर्जन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात एडवाइजरी जारी की है। बुधवार सुबह 9 बजे से 26 सितंबर सुबह 9 बजे तक कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है। इस दौरान गंग नहर की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए हैं।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन के मुताबिक, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए यह डायवर्जन किया गया है। वहीं, 25 सितंबर से बहुप्रतीक्षि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो भी शुरू हो रहा है। इसके चलते गाजियाबाद के अलावा नोएडा, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और DND फ्लाईवे पर भी यातायात व्यवस्था प्रभावित रहने की संभावना है।
इन वाहनों के लिए बदला गया रूट
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर पलवल की तरफ से आने वाले और दुहाई एग्जिट से मेरठ की ओर जाने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक, डीसीएम और बस समेत सभी भारी कमर्शियल वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी। इन वाहनों को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से होते हुए मोदीनगर और मेरठ की तरफ जाना होगा। इसी तरह कुंडली की ओर से EPE पर आने वाले भारी कमर्शियल वाहनों को भी दुहाई कट से होकर मेरठ की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें DME के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।
मेरठ-मोदीनगर से आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था
मेरठ की ओर कादराबाद बॉर्डर से मुरादनगर गंग नहर की तरफ आने वाले सभी भारी और हल्के कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इन वाहनों को राज चौपला से भोजपुर, हापुड़ या DME से होते हुए अपने गंतव्य पर जाना होगा। जानी बॉर्डर की तरफ से आने वाले भारी कमर्शियल वाहनों को निवाड़ी और राज चौपला होते हुए आगे जाना होगा। मुरादनगर से गंग नहर की ओर जाने वाले मध्यम व्यावसायिक वाहनों के आवागमन पर भी रोक रहेगी। इन्हें रावली रोड, चुंगी नंबर-3 और पाइपलाइन मार्ग से आगे जाने की अनुमति होगी।
गाजियाबाद से आने वाले भारी वाहनों पर भी रोक
गाजियाबाद की ओर से मुरादनगर, मोदीनगर और मेरठ जाने वाले सभी भारी कमर्शियल वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को हापुड़ या EPE और DME से होकर अपने गंतव्य तक जाना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन के दौरान इन वैकल्पिक रूटों का ही इस्तेमाल करें, ताकि विसर्जन कार्यक्रम और ट्रेड शो के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
