एजुकेशन

UPSSSC की आगामी परीक्षाओं के लिए आधार वेरिफिकेशन हुआ अनिवार्य, अपडेट रखें अपना बायोमेट्रिक डेटा

UPSSSC द्वारा भविष्य में आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की पहचान के लिए अब आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य हो गया है। इसका मुख्य उद्देश्य फर्जीवाड़े और सॉल्वर गिरोहों की घुसपैठ को रोकना है।

Image

UPSSSC Aadhar Verfication (Photo- AI/Newsroom Verified)

UPSSSC Aadhar Verification: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने भविष्य में आयोजित की जाने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। आयोग द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह से पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के उद्देश्य से अब उम्मीदवारों का पहचान सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए अभ्यर्थियों के बायोमेट्रिक और व्यक्तिगत विवरण का मिलान किया जाएगा। इस नई व्यवस्था से परीक्षा केंद्रों पर फर्जीवाड़े और सॉल्वर गिरोहों की घुसपैठ पर पूरी तरह लगाम लगेगी।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दिशा निर्देश

परीक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के क्रम में आयोग ने सभी उम्मीदवारों को निम्नलिखित कदम उठाने की सलाह दी है -

बायोमेट्रिक डेटा अपडेट: आयोग ने प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वह फिंगरप्रिंट (अंगुलियों के निशान) और आईरिस (पुतली का स्कैन) डेटा को नजदीकी नामांकन केंद्र पर जाकर तुरंत अपडेट करवा लें, ताकि उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

विवरण सुनिश्चित करें: परीक्षा केंद्र पर सत्यापन के समय किसी भी प्रकार की विसंगति या तकनीकी समस्या से बचने के लिए नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरणों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के अनुरूप सही रखें।

यदि सत्यापन के दौरान डेटा में कोई भिन्नता पाई जाती है, तो उम्मीदवार को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सभी अभ्यर्थी समय रहते अपना विवरण दुरुस्त करा लें ताकि उन्हें परीक्षा केंद्र पर किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

आधार वेरिफिकेशन का मुख्य उद्देश्य

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का मुख्य उद्देश्य भर्ती परीक्षाओं की पवित्रता को बनाए रखना है। आधार वेरिफिकेशन प्रक्रिया लागू होने से केवल वास्तविक और योग्य अभ्यर्थी ही परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे। इससे फर्जीवाड़े और सॉल्वर गिरोह से बचाना भी आसान हो जाएगा।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article