Patna News: शहर में पटना नगर निगम द्वारा मॉडल यूरिनल और शौचालय बनाए जाएंगे। निगम ने 15 शौचालय और 99 यूरिनल बनवाने की तैयारी पूरी कर ली है। फाइव स्टार होटलों में जैसे शौचालय होते हैं, उस तरह के शौचालय सार्वजनिक जगहों पर बनवाए जाएंगे। इसकी डिजाइन भी तैयार हो चुकी है। शौचालयों एवं यूरिनल के निर्माण के लिए जगह भी चिह्नित कर ली गई है। बिल्ट ऑपरेट एंड ट्रांसफर नीति के तहत इन दोनों स्थलों का निर्माण कराया जाना है। इन पर नगर निगम का नियंत्रण रहेगा पर संचालन व्यक्ति विशेष या संस्था द्वारा किया जाएगा।
नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के तहत पिछले दिनों पूरे निगम क्षेत्र में खुले में पेशाब करने वाले स्थलों का सर्वे किया था। निगम प्रमंडल के अभियंताओं ने प्रमुख और अधिक से अधिक उपयोग होने वाले स्थलों को चिह्नित किया है।
