पटना: बिहार की राजधानी पटना से एक निजी बैंक के मैनेजर अभिषेक वरुण की डेड बॉडी कुएं से मिली है। वह सोमवार रात लापता हुए थे और उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। फिर अचानक पुलिस ने उनके शव को बेउर थाना क्षेत्र में एक कुएं से बरामद किया और साथ ही उनकी स्कूटी भी बरामद की गई।
अभिषेक वरुण पटना के कंकड़बाग इलाके के रहनेवाले थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। गौर हो कि पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र मे एक प्राइवेट बैंक में कार्यरत अभिषेक वरुण सोमवार रात से रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे।
सोमवार रात हुए थे लापता
अभिषेक अपनी पत्नी के साथ एक पार्टी में गए थे। पार्टी के बाद उनकी पत्नी तो घर लौट आईं, लेकिन अभिषेक ने कहा कि वह बाद में आएंगे। इसके बाद से वह घर नहीं लौटे और अचानक उनके शव मिलने की खबर आई जिसके बाद परिवार में मातम पसर गया।
पुलिस का घटना पर आया बयान
ASP पटना सदर ने कहा कि पुलिस हर पहलू से जाँच कर रही है। CCTV फुटेज में वह अकेले दोपहिया वाहन चलाते हुए दिखाई दे रहे थे और कोई उनका पीछा नहीं कर रहा था। अपने परिवार को आखिरी कॉल में उन्होंने बताया था कि उनका एक्सीडेंट हो गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि वह दोपहिया वाहन समेत कुएं में गिर गए थे। उनकी चप्पलें और रूमाल यहाँ से 100 मीटर दूर मिले हैं। मैं सभी से अपील करता हूँ कि कोई भी अफवाह न फैलाएं।
पुलिस ने शुरु की मामले की जांच
अभिषेक के भाई ने बताया कि रात लगभग पौने तीन बजे अभिषेक ने अपनी पत्नी को कॉल कर बताया था कि उनका एक्सीडेंट हो गया है, लेकिन इसके तुरंत बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। जब रात भर वो वापस नहीं लौटे तो सुबह पत्नी ने कंकड़बाग थाना में मामला दर्ज कराया। जांच के दौरान अभिषेक के मोबाइल की आखिरी लोकेशन बेउर थाना क्षेत्र में मिला था। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है।
