पटना : बिहार में मानसूनी बारिश आफत बनकर टूट रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के10 जिलों में ठनक (आकाशीय बिजली) गिरने से 19 लोगों की मौत की खबर है। कुदरत के कहर को देखते हुए राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक संतप्त परिवारों के लिए 4-4 लाख रुपये के मुआवजा देने की बात कही है।
कहां कितने लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक, राज्य में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं हुई हैं। भाषा के हवाले से बिहार में पिछले 24 घंटों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी साझा की है। कार्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, सबसे ज्यादा पांच मौत नालंदा में हुईं, उसके बाद वैशाली (चार), बांका और पटना दो-दो लोगों की मौत हुई। बयान में बताया गया कि इसके अलावा, शेखपुरा, नवादा, जहानाबाद, औरंगाबाद, जमुई और समस्तीपुर जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इन मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के परिजन को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की और लोगों से खराब मौसम के दौरान पर्याप्त सावधानी बरतने का आग्रह किया
दरअसल, इन दिनों बारिश के बीच किसान धान की रोपाई में बिजी हैं। यही कारण है कि ज्यादातर लोग खुले आसमान के नीचे दिखाई पड़ रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान सीतामढ़ी, शिवहर, जमुई, मधुबनी, मुंगेर और सिवान में बिजली गिरने और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट घोषित है।
